क्रिकेट

भारत में फंसी साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज की टीम मंगलवार को विशेष विमान से होगी रवाना

पश्चिम एशिया में एयरस्पेस बंद होने के कारण टी20 वर्ल्ड कप खेलने के लिए आई कई टीमें भारत में फंसी थीं। साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज की टीम मंगलवार को रवाना होने वाली है। कोच डैरेन सैमी पहले ही जा चुके हैं और अब बाकी बचे खिलाड़ी विशेष विमान से स्वदेश लौटेंगे।

Image

साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज की टीम (साभार-X)

आखिरकार वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका टीम की स्वदेश लौटने का इंतजाम कर दिया गया है। दोनों टीम मंगलवार को भारत से स्वदेश के लिए रवाना होंगी जो ईरान पर अमेरिका और इजराइल के हमले के कारण यात्रा पर लगी पाबंदियों की वजह से टी20 विश्व कप में अपना अभियान खत्म करने के बाद भी भारत में फंसी हुई थीं। पता चला है कि केवल वेस्टइंडीज के कोच डैरेन सैमी के आज रात सिंगापुर के रास्ते रवाना होने की उम्मीद है, जबकि बाकी टीम मंगलवार को विशेष विमान से रवाना होगी। वेस्टइंडीज का सफर सुपर-8 में खत्म हो गया था। उसे सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए एक मार्च को भारत के खिलाफ हर हाल में मुकाबला जीतना था, लेकिन संजू सैमसन की 97 रन की पारी उनके उम्मीदों पर भारी पड़ी। नतीजा सैमी की टीम अंतिम चार में जगह नहीं बना पाई थी। तब से यह टीम स्वदेश लौटने के इंतजार में यहीं रुकी हुई थी।

दूसरी तरफ दक्षिण अफ्रीका की टीम कोलकाता से जोहानिसबर्ग के लिए रवाना होगी। दक्षिण अफ्रीका के तीन खिलाड़ी, केशव महाराज, जॉर्ज लिंडे और जेसन स्मिथ पहले ही द्विपक्षीय श्रृंखला के लिए न्यूजीलैंड के लिए रवाना हो चुके हैं जिसमें 15 मार्च से शुरू होने वाले पांच टी20 अंतरराष्ट्रीय शामिल हैं। यात्रा योजना में बदलाव इसलिए हुआ क्योंकि ईरान पर हमले के बाद पश्चिम एशिया में एयरस्पेस बंद हो गए थे। दक्षिण अफ्रीका की टीम चार मार्च को सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड से हारने के बाद यहीं फंसी थी। सुपर-8 में उसने अपने तीनों मुकाबले जीत कर टॉप पोजिशन के साथ सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई किया था। लेकिन न्यूजीलैंड के सलामी बल्लेबाज फिन एलन की असाधारण पारी की बदौलत साउथ अफ्रीका की एक न चली और उसका सफर सेमीफाइनल में खत्म हो गया।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article