Sri Lanka vs Netherlands Highlights: टी20 वर्ल्ड कप 2024 के 38वें मैच में श्रीलंकाई क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नीदरलैंड को 83 रनों के विशाल अंतर से मात दे दी है। मैच में पहले बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंकाई टीम ने पूरा दमखम दिखाया और 201 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। ऑस्ट्रेलिया के बाद श्रीलंका मौजूदा टूर्नामेंट में 200 से अधिक का स्कोर बनाने वाली दूसरी टीम बन गई। नीदरलैंड्स की टीम इस चुनौती को पार नहीं कर पाई और 118 रन पर आउट होकर 83 रन से मैच हार गई। यह श्रीलंका की टी20 विश्व कप में रनों के लिहाज से दूसरी सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले उन्होंने 2007 में केन्या को 182 रनों से हराया था।
स्कॉट एडवर्ड्स ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण का विकल्प चुना। विवियन किंगमा ने मैच की दूसरी गेंद पर पथुम निसांका का विकेट लेकर उन्हें सही साबित किया। श्रीलंका पावरप्ले ओवरों का उपयोग नहीं कर सका। छठे ओवर में कामिंडु मेंडिस 20 गेंदों में 17 रन बनाकर आउट हो गए। हाफवे स्टेज पर, उनका स्कोर 74/2 था। हालांकि बाद में चरित असलंका और एंजेलो मैथ्यूज ने तेजी से रन बनाए और टीम के स्कोर को 200 पार ले गए।
नीदरलैंड की टीम नहीं कर सकी कमाल
इस लक्ष्य का पीछा करने उतरी नीदरलैंड की टीम ने धमाकेदार शुरुआत की। टीम ने 6 ओवर में 47 रन बना लिए थे। इस दौरान उन्हें दो विकेट भी गंवाने पड़े थे। टीम इससे पहले संभलती इससे पहले शनाका ने विक्रमजीत सिंह को आउट किया, मथीशा पथिराना ने साइब्रांड एंजेलब्रेच को आउट किया। फिर हसरंगा ने बास डी लीडे का विकेट लिया जिसके चलते 10 ओवर के बाद नीदरलैंड का स्कोर 71/6 था। इसके बाद भी विकटों का पतन जारी रहा और टीम 118 रन ही बना पाई।
