क्रिकेट

सिकंदर रजा ने रचा इतिहास, जिम्बाब्वे की ओर से जड़ दिया सबसे तेज शतक

  • Authored by: समीर कुमार ठाकुर
  • Updated Jun 21, 2023, 09:29 AM IST

वर्ल्ड कप क्वालीफायर मैच में जिम्बाब्वे ने नीदरलैंड को 6 विकेट से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज कर ली है। इस जीत के हीरो रहे सिंकदर रजा, जिन्होंने बल्ले और गेंद से शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने इस मैच में जिम्बाब्वे की तरफ से सबसे तेज शतक बनाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया।

Image

सिकंदर रजा (साभार-Twitter)

KEY HIGHLIGHTS
  • जिम्बाब्वे ने नीदरलैंड को हराया
  • बल्ले और गेंद से चमके सिकंदर रजा
  • जड़ दिया जिम्बाब्वे की ओर से सबसे तेज वनडे शतक

जिम्बाब्वे ने वर्ल्ड कप क्वालीफायर मैच में नीदरलैंड की टीम को 6 विकेट से हरा दिया। जिम्बाब्वे के सामने जीत के लिए 316 रन का लक्ष्य था, जिसे उसने 55 गेंद शेष रहते केवल 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया। जिम्बाब्वे की इस जीत के हीरो रहे सिकंदर रजा, जिन्होंने बल्ले और गेंद दोनों से कमाल किया। उन्होंने लक्ष्य का पीछा करते हुए 54 गेंद पर नाबाद 102 रन की पारी खेली और अपनी टीम को एक आसान जीत दिला दी। रजा के अलावा सीन विलियम्स ने 91 रन की शानदार पारी खेली। उन्होंने पहले मैच में शतक जड़ा था। इससे पहले नीदरलैंड ने विक्रमजीत सिंह के 88 और स्कॉट एडवर्ड्स के 83 रन की पारी के दम पर 6 विकेट के नुकसान पर 315 रन बनाए थे।

जिम्बाब्वे की ओर से सबसे तेज शतक

सिकंदर रजा ने 54 गेंद पर 188.89 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए अपना शतक पूरा किया। यह वनडे क्रिकेट में जिम्बाब्वे की तरफ से सबसे तेज सेंचुरी है। रजा ने अपनी पारी में 6 चौके और 8 छक्के जड़े। उन्होंने पिछले मैच के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा जो उनके साथी खिलाड़ी सीन विलियम्स ने बनाया था। उन्होंने 70 गेंद पर शतक जड़ कर सबसे तेज शतक बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया था।

गेंदबाजी में भी किया कमाल

इससे पहले सिकंदर रजा ने गेंदबाजी में भी कमाल किया और नीदरलैंड की टीम को 315 रन पर रोक लिया। उन्होंने 10 ओवर में 55 रन देकर 4 खिलाड़ियों को आउट किया। रजा के अलावा रिचर्ड नगारवा ने 2 विकेट चटकाए।

जिम्बाब्वे की लगातार दूसरी जीत

जिम्बाब्वे की यह लगातार दूसरी जीत है। इससे पहले उन्होंने पहले मैच में नेपाल को पटखनी दी थी। उस मैच में भी जिम्बाब्वे की तरफ से दो शतक लगे थे। क्रेग इरविन ने 121 और सीन विलियम्स ने 102 रन की पारी खेली थी।

समीर कुमार ठाकुर
समीर कुमार ठाकुर author

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटब... और देखें

End of Article