क्रिकेट

Shubman Gill Injury Update: टीम के साथ गुवाहाटी नहीं जाएंगे कप्तान गिल, दूसरे टेस्ट में खेलना मुश्किल

Shubman Gill Injury Update: भारतीय कप्तान शुभमन गिल का दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टेस्ट में खेलना संदिग्ध है। बंगाल क्रिकेट संघ (कैब) के सूत्रों ने पुष्टि की कि वह बुधवार को टीम के साथ गुवाहाटी नहीं जाएंगे।टीम का मंगलवार को वैकल्पिक ट्रेनिंग सत्र होगा।

Image

शुभमन गिल (फोटो -AP)

Shubman Gill Injury Update: भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान शुभमन गिल का दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 22 नवंबर से गुवाहाटी में शुरू होने वाले दूसरे और अंतिम टेस्ट मैच में खेलना संदिग्ध बना हुआ है। बंगाल क्रिकेट संघ (कैब) के सूत्रों ने पुष्टि की है कि गिल बुधवार को टीम के साथ गुवाहाटी के लिए रवाना नहीं होंगे। उन्हें कोलकाता में हुए पहले टेस्ट के दौरान बल्लेबाजी करते समय गर्दन में ऐंठन (Neck Spasm) की शिकायत हुई थी, जिसके कारण उन्हें बीच में ही रिटायर्ड हर्ट होकर पवेलियन लौटना पड़ा था।

गर्दन के दर्द के कारण यात्रा से आराम की सलाह

पीटीआई को जानकारी देते हुए कैब के एक सूत्र ने बताया कि गिल की चोट गंभीर है और उन्हें हवाई यात्रा नहीं करने की सलाह दी गई है।सूत्र ने कहा, "उन्हें गर्दन में तेज दर्द है और हमें चोट के बारे में और विस्तार से बताने की अनुमति नहीं है। उन्हें गर्दन का कॉलर पहनना जारी रखना होगा।" सूत्र ने आगे बताया कि गिल को फिलहाल तीन-चार दिन आराम करने और हवाई यात्रा नहीं करने की सलाह दी गई है। उन्होंने कहा, "इस स्थिति में उन्हें गुवाहाटी जाने की सलाह नहीं दी गई है। लेकिन हम उनकी प्रगति पर नजर रख रहे हैं और मंगलवार तक तस्वीर साफ हो जाएगी।"

भारतीय टीम को दूसरे टेस्ट के लिए बुधवार को गुवाहाटी के लिए रवाना होना है। टीम का मंगलवार को वैकल्पिक ट्रेनिंग सत्र होगा, जिसमें गिल की भागीदारी पर संदेह है।

कोच गंभीर ने मूल्यांकन की बात कही

पहले टेस्ट मैच के बाद प्रेस कांफ्रेंस में मुख्य कोच गौतम गंभीर ने भी गिल की चोट की पुष्टि की थी। उन्होंने कहा था कि गिल की अभी भी जांच की जा रही है और फिजियो तथा मेडिकल स्टाफ द्वारा एक और दौर का मूल्यांकन किया जाना बाकी है।गिल की गैरमौजूदगी का असर पहले टेस्ट की चौथी पारी में साफ दिखा, जब भारतीय टीम महज 124 रन का छोटा लक्ष्य हासिल करने में नाकाम रही और 30 रन से मैच हार गई।

विकल्प के रूप में साई सुदर्शन और पडिक्कल

अगर शुभमन गिल दूसरे टेस्ट से बाहर हो जाते हैं, तो भारतीय टीम के पास बी साई सुदर्शन और देवदत्त पडिक्कल को प्लेइंग इलेवन में शामिल करने का विकल्प होगा। दोनों ही खिलाड़ी रिजर्व स्क्वाड में हैं और मध्यक्रम को मजबूती प्रदान कर सकते हैं। गिल की अनुपस्थिति में, उप-कप्तान ऋषभ पंत टीम इंडिया की कप्तानी संभालेंगे।

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article