क्रिकेट

Shubman Gill: गिल ने जीता दिल्लीवालों का दिल, तोड़ दिया कोच गंभीर का रिकॉर्ड

Shubman Gill: इंग्लैंड के बाद भारतीय कप्तान शुभमन गिल का शानदार प्रदर्शन घर पर भी जारी है। वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में उन्होंने अपने टेस्ट करियर का 10वां शतक जड़ दिया।

Image

शुभमन गिल (साभार-BCCI X)

Shubman Gill: भारतीय कप्तान शुभमन गिल का शानदार फॉर्म घर पर भी जारी है। दिल्ली में खेले जा रहे वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में गिल ने अपने टेस्ट करियर का 10वां शतक जड़ दिया। कप्तान बनने के बाद टेस्ट में यह उनका पहला शतक है। उन्होंने पहले जायसवाल के साथ 71 और फिर नितीश कुमार रेड्डी के साथ 91 रन की साझेदारी कर भारत को 400 रन के पार पहुंचा दिया। जायसवाल के रन आउट होने के बाद गिल ने वेस्टइंडीज की वापसी के मंसूबों पर पानी फेरते हुए एक छोर से लगातार संभलकर खेलना जारी रखा और भारत को मैच में मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।

177 गेंद में गिल की सेंचुरी

इससे पहले गिल ने दिल्ली टेस्ट के दूसरे दिन 20 रन के स्कोर से आगे खेलना शुरू किया। पहले दिन के स्कोर में 7 रन ही जुड़े थे कि यशस्वी जायसवाल 175 रन के स्कोर पर रन आउट हो गए। लेकिन गिल ने इस गलती को टीम इंडिया पर हावी होने नहीं दिया और लगातार एक छोर से बल्लेबाजी करना जारी रखा। आखिरकार उन्हें इसका ईनाम भी मिला और उन्होंने 177 गेंद में 13 चौके और 1 छक्के की मदद से अपनी 10वीं सेंचुरी पूरी की।

तोड़ दिया कोच गंभीर का रिकॉर्ड

गिल का यह टेस्ट में 10वां शतक है और इसके साथ ही वह इस मामले में कोच गौतम गंभीर से आगे निकल गए हैं। गंभीर ने 58 टेस्ट में 9 टेस्ट शतक लगाए थे, जबकि गिल ने 39वें मैच में ही उन्हें पीछे छोड़ दिया। इतना ही नहीं उन्होंने नवजोत सिंह सिद्धू को भी पीछे छोड़ दिया। अब गिल की नजर चेतेश्वर पुजारा के रिकॉर्ड पर जिनके नाम 11 टेस्ट शतक है।

मैच की बात करें तो दूसरे दिन 130 ओवरों के खेल तक भारत ने 4 विकेट खोकर 485 रन बना लिए हैं। जायसवाल के अलावा, केएल राहुल 38, जबकि साई सुदर्शन 87 रन बनाकर पवेलियन लौटे। कप्तान शुभमन गिल 102 और जुरेल 38 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। विपक्षी टीम की ओर से जोमेल वारिकन ने 3 विकेट हासिल किए हैं। भारत 2 मुकाबलों की इस सीरीज का पहला मैच पारी और 140 रन से अपने नाम कर चुका है।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article