क्रिकेट

CSK के पूर्व खिलाड़ी ने धोनी को लेकर कह दी बड़ी बात, हार के बाद आई ये प्रतिक्रिया

17 साल बाद चेन्नई को चेपॉक में सबसे बड़ी हार मिली तो उसकी रणनीति पर सवाल उठने लगे। सीएसके के पूर्व बल्लेबाज ने टीम की रणनीति को इस हार का जिम्मेदार बताया। उन्होंने एक नहीं बल्कि 3 कारण गिनवाए जिसकी वजह से आरसीबी की जीत हुई। उनमें से एक वजह धोनी की बैटिंग ऑर्डर थी।

Image

चेन्नई सुपर किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (साभार-X)

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू ने 17 साल बाद चेपॉक में जब चेन्नई को पटखनी दी तो चेन्नई की रणनीति पर सवाल उठने लगे हैं। चेन्नई की प्लानिंग पर बोलते हुए पूर्व खिलाड़ी शेन वॉटसन ने कहा कि उन्हें समझ में नहीं आता कि महेंद्र सिंह धोनी बल्लेबाजी क्रम में लगातार नीचे क्यो उतर रहे हैं। शुक्रवार को चेन्नई को आरसीबी ने 50 रन से हराकर 17 साल बाद चेपॉक पर जीत दर्ज की।

इस मुकाबले में एमएस धोनी नौवें नंबर पर उतरे और 16 गेंद में नाबाद 30 रन बनाये लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। जियोस्टार पर बोलते हुए वाटसन ने कहा ,‘‘ चेन्नई के फैंस यही देखने आते हैं। धोनी ने 16 गेंद में 30 रन बनाये। मैं चाहूंगा कि वह बल्लेबाजी क्रम में वह ऊपर आयें। उन्हें आर अश्विन से पहले आना चाहिये था।’’

उन्होंने कहा ,‘‘ मैच उस समय जिस स्थिति में था, धोनी को 15 गेंद और खेलनी चाहिये थी। पिछले कुछ साल से उन्होंने लगातार दिखाया है कि वह अभी भी बेहतरीन बल्लेबाजी कर सकते हैं। मेरा मानना है कि वह बल्लेबाजी क्रम में ऊपर आकर अपने कौशल का पूरा प्रदर्शन करते।

उन्होंने आगे कहा ,‘‘ कुछ फैसले निराशाजनक थे मसलन राहुल त्रिपाठी का पारी का आगाज करना। रूतुराज गायकवाड़ अच्छा सलामी बल्लेबाज है लेकिन वह बाद में आ रहा है। रूतुराज ने जोश हेजलवुड के खिलाफ एक खराब शॉट खेला जो आम तौर पर वह नहीं करते हैं।’’ वाटसन ने कहा ,‘‘ सैम कुरेन को पांचवें नंबर पर उतारना भी अजीब था। मैने उसे सातवें नंबर पर बल्लेबाजी करते ही देखा है। अभी तक चेन्नई का टीम संयोजन सही नहीं बन सका है। उन्हें कुछ सामंजस्य बिठाने होंगे।’’

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article