क्रिकेट

इस दिन विदाई टेस्ट खेलेंगे शाकिब अल हसन, दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए मिली टीम में जगह

बांग्लादेश के पूर्व कप्तान शाकिब अल हसन की विदाई टेस्ट दिए जाने की मांग बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने स्वीकार कर ली है और उन्हें दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज के पहले टेस्ट के लिए टीम में जगह दी गई है।

Image

Shakib al hasan

Photo : AP
KEY HIGHLIGHTS
  • शाकिब अल हसन ने कानपुर में किया था संन्यास का ऐलान
  • बोर्ड से की थी घरेलू मैदान पर विदाई टेस्ट दिए जाने की मांग
  • दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए हुए टीम में शामिल

ढाका: ऑलराउंडर शाकिब अल हसन घरेलू दर्शकों के सामने टेस्ट क्रिकेट में अपना आखिरी मुकाबला खेलने के लिए तैयार हैं और उन्हें सोमवार से दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शुरू हो रहे पहले मैच के लिए बांग्लादेश की टीम में शामिल किया गया है। भारत के खिलाफ कानपुर में दूसरे और अंतिम टेस्ट से पहले शाकिब ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू मैदान पर अपना अंतिम टेस्ट खेलने की इच्छा व्यक्त की थी, बशर्ते बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करे। शाकिब पर एक छात्र की हत्या में शामिल होने का आरोप लगाया गया है, लेकिन बांग्लादेश का यह अनुभवी खिलाड़ी घटना के समय कनाडा में एक टी20 लीग में हिस्सा ले रहा था।

नागरिक अशांति के दौरान चुप्पी पर शाकिब ने मांगी मांफी

बीसीबी के नये अध्यक्ष फारूख अहमद ने शाकिब के अनुरोध को यह कहते हुए खारिज कर दिया था कि बोर्ड कोई सुरक्षा एजेंसी नहीं है और वह उन्हें किसी तरह की सुरक्षा की गारंटी नहीं दे सकता। बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के खेल सलाहकार आसिफ महमूद ने कहा कि शाकिब को सुरक्षा तभी दी जाएगी जब उनका राजनीतिक रुख स्पष्ट हो जाएगा। शाकिब ने बांग्लादेश में नागरिक अशांति के दौरान अपनी चुप्पी के लिए बिना शर्त माफी मांगी थी जिसके कारण प्रधानमंत्री शेख हसीना को पद से हटा दिया गया था।

बलिदान देने वाले छात्रों को दी श्रद्धांजलि

शाकिब ने अपने आधिकारिक फेसबुक पेज पर लिखा,'सबसे पहले मैं उन सभी छात्रों को श्रद्धांजलि देना चाहता हूं जिन्होंने बलिदान दिया,भेदभाव विरोधी आंदोलन का नेतृत्व किया और लोगों के विद्रोह के दौरान शहीद या घायल हुए। कोई भी बलिदान किसी प्रियजन के नुकसान की भरपाई नहीं कर सकता है, कोई भी चीज किसी बच्चे या भाई को खोने के नुकसान को नहीं भर सकती है, आप में से जो लोग इस दौरान मेरी चुप्पी से आहत हुए हैं, मैं आपकी भावनाओं का सम्मान करता हूं और ईमानदारी से माफ़ी मांगता हूं।'

आपके सामने खेलना चाहता हूं आखिरी मैच

उन्होंने बांग्लादेश के प्रशंसकों को एक संदेश भी दिया। उन्होंने लिखा,'आप सभी जानते हैं कि मैं जल्द ही अपना आखिरी मैच खेलूंगा। मैं आप सभी के साथ अलविदा कहना चाहता हूं। विदाई के क्षण में मैं उन लोगों से हाथ मिलाना चाहता हूं जिनकी तालियों ने मुझे बेहतर खेलने के लिए प्रेरित किया। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की श्रृंखला के बाद बांग्लादेश की टीम अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की श्रृंखला खेलने के लिए संयुक्त अरब अमीरात रवाना होगी।

शाकिब वनडे टीम का भी हिस्सा हैं और टीम के जाने से उनका देश से बाहर जाना भी सुनिश्चित हो जाएगा। हाल में भारत का दौरा करने वाली टीम से केवल खालिद अहमद को बाहर किया गया है।

पहले टेस्ट के लिए बांग्लादेश की टीम इस प्रकार है :

नजमुल हुसैन शांटो (कप्तान), शादमान इस्लाम, महमुदुल हसन जॉय, जाकिर हसन, मोमिनुल हक, मुश्फिकुर रहीम, शाकिब अल हसन, लिटन दास (विकेटकीपर), जाकेर अली, मेहदी हसन मिराज, ताइजुल इस्लाम, नईम हसन, तास्किन अहमद, हसन महमूद, नाहिद राणा।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article