Sandeep Lamichhane 100 t20i wickets: टी20 वर्ल्ड कप के 37वें मैच में बांग्लादेश क्रिकेट टीम की टक्कर नेपाल से हो रही है। सेंट विसेंट स्थित किंग्सटाउन स्टेडियम में आयोजित इस मुकाबले में नेपाल क्रिकेट टीम के अनुभवी गेंदबाज संदीब लामिछाने ने सभी का दिल जीत लिया है। संदीप ने मैच में दो महत्वपूर्ण विकेट लिए और पासा पलट दिया। इसी के साथ उन्होंने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।
दरअसल संदीप लामिछाने ने जकर अली को आउट करते ही टी20 इंटरनेशनल में अपने 100 विकेट पूरे कर लिए हैं। वे इस खास उपलब्धि तक पहुंचने वाले नेपाल के पहले गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने केवल 54 मैचों में 100 विकेट का आंकड़ा पार कर लिया है। ऐसे में वे इस बड़े रिकॉर्ड को पाने वाले दुनिया के दूसरे सबसे तेज खिलाड़ी बन गए हैं। उनसे ऊपर केवल राशिद खान हैं जिन्होंने 53 मैचों में ही ये कारनामा कर लिया था।
टी20ई में सबसे तेजी से 100 विकेट लेने वाले गेंदबाज
1. राशिद खान (अफगानिस्तान) - 53 मैच
2. संदीप लामिछाने (नेपाल) - 54 मैच*
3. वानिंदु हसरंगा (श्रीलंका) - 63 मैच
4. हारिस रऊफ (पाकिस्तान) - 71 मैच
5. मार्क अडायर (आयरलैंड) - 72 मैच
नेपाल की शानदार गेंदबाजी
मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी नेपाल की टीम ने शुरुआत में ही बांग्लादेश की हालत खराब कर दी। सोंमपाल करनी ने पहली ही गेंद पर तंजीद हसन को आउट कर दिया। इसके बाद भी बांग्लादेश की पारी नहीं संभली। नेपाल ने 6 ओवर के भीतर ही बांग्लादेश के 4 विकेट झटक लिए थे। पॉवरप्ले के बाद खुद कप्तान रोहित पौडल गेंदबाजी करने आए और शाकिब अल हसन और तौहिद हृदोय का विकेट झटककर नेपाल को मैच में आगे कर दिया। इसके बाद संदीप और दीपेंद्र सिंह ने भी दो-दो विकेट झटके जिसके चलते बांग्लादेश केवल 106 रनों पर ऑलआउट हो गई।
