क्रिकेट

बुमराह नहीं, तेंदुलकर ने इस भारतीय को बताया 'जिगर' वाला गेंदबाज

सचिन तेंदुलकर ने मोहम्मद सिराज की जमकर तारीफ की। इस गेंदबाज ने इंग्लैंड दौरे पर बुमराह की अनुपस्थिति में जिस तरह का प्रदर्शन किया था, उसे कभी भी भारतीय फैंस भुला नहीं पाएंगे। अब तेंदुलकर भी उनके मुरीद हो गए हैं।

Image

मोहम्मद सिराज (साभार-BCCI)

इंग्लैंड दौरा शुभमन गिल की बल्लेबाजी के साथ-साथ मोहम्मद सिराज की गेंदबाजी के लिए याद किया जाएगा। इस सीरीज में उन्होंने जिस तरह की गेंदबाजी की, खासतौर से जसप्रीत बुमराह की अनुपस्थिति में वह काबिले तारीफ है। इस दौरे को अगर सिराज के नए अवतार के रुप में याद किया जाए तो इसमें कोई अतिश्योक्ति नहीं होनी चाहिए। हो भी क्यों, जब इस पर खुद क्रिकेट के भगवान ने मुहर लगा दी। सिराज की तारीफ करते हुए सचिन तेंदुलकर ने एक वीडियो पोस्ट किया है जिसमें उन्होंने, उन्हें 'जिगर' वाला गेंदबाज करार दिया है।

सचिन ने की सिराज की तारीफ

सचिन ने मोहम्मद सिराज के एटीट्यूड पर बात की है और एक तेज गेंदबाज के तौर पर उनकी तारीफ की है। उन्होंने कहा कि स्कोरबोर्ड पर स्कोर चाहे जो भी हो उनके एटीट्यूड में कभी कोई बदलाव नहीं आता है जो एक तेज गेंदबाज में होना चाहिए। उन्होंने कहा कि 1000 से ज्यादा गेंद डालने के बाद भी अगर सिराज 140 से ज्यादा की स्पीड में गेंदबाजी कर रहे थे तो ये उनके जिगरे को बताता है। बल्लेबाज ऐसे गेंदबाजों को खेलना पसंद नहीं करते। उन्होंने रूट का उदाहरण देते हुए कहा कि अगर आप उनसे पूछेंगे कि सिराज के खिलाफ उन्हें बैटिंग करना पसंद है तो वह न ही कहेंगे। बल्लेबाज उस गेंदबाज को खेलना ज्यादा पसंद करते हैं जो शांति से गेंद डाल रहे हो न कि बल्लेबाज को चिढ़ा रहे हों। सिराज ने सचिन के इस वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए उनका धन्यवाद भी किया है।

इंग्लैंड में सिराज का प्रदर्शन

इंग्लैंड दौरे पर मोहम्मद सिराज सबसे सफल गेंदबाज थे। उन्होंने 5 मैच की 10 पारी में 23 विकेट चटकाए थे। आखिरी टेस्ट में उन्होंने 9 विकेट लेकर टीम इंडिया को ऐतिहासिक जीत भी दिलाई थी। इस दौरे पर सिराज की गेंदबाजी ने उनकी एक अलग पहचान बना दी। खासतौर से जिस मुकाबले में जसप्रीत बुमराह नहीं खेल रहे हैं थे उसमें उन्होंने जीत की जिम्मेदारी उठाई। एजबेस्टन टेस्ट में सिराज ने 7 विकेट चटकाए थे।
Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article