क्रिकेट

ICC ODI Ranking: ODI रैंकिंग में छिन गई रोहित शर्मा की कुर्सी, ये बल्लेबाज बना नंबर वन

ICC Odi Ranking: साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज से पहले टीम इंडिया के लिए एक बुरी खबर सामने आई है। रोहित शर्मा को वनडे रैंकिंग में नुकसान हुआ है। हालांकि, टॉप-10 बल्लेबाज में भारतीयों का जलवा अब भी कायम है।

Image

आईसीसी रैंकिंग (साभार-ICC)

ICC ODI Ranking: 30 नवंबर से शुरू हो रहे भारत और साउथ अफ्रीका के बीच 3 मैच की वनडे सीरीज से पहले टीम इंडिया के लिए बुरी खबर सामने आ ही है। दरअसल आईसीसी की वनडे रैंकिंग में रोहित शर्मा की बादशाहत खत्म हो गई है। अब हिटमैन नंबर दो पर खिसक गए हैं। उन्हें न्यूजीलैंड के तूफानी बल्लेबाज डेरिल मिचेल ने रिप्लेस किया है। मिचेल 782 प्वाइंट के साथ नंबर वन पर पहुंच गए हैं, जबकि रोहित के खाते में 781 प्वाइंट हैं और वह नंबर दो पर हैं। मिचेल ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले वनडे में शानदार शतकीय पारी खेली थी, जिसका उन्हें फायदा हुआ है।

मिचेल ने इस मुकाबले में अपने वनडे करियर का 7वां शतक जड़ा था। उन्होंने 118 गेंद में 119 रन की पारी खेली थी। इस पारी के दौरान उन्होंने 12 चौके और 2 छक्के लगाए थे। उनकी इस पारी की बदौलत न्यूजीलैंड ने वेस्टइंडीज को 7 रन से मात दी थी। हालांकि, दूसरे वनडे में उन्हें टीम में मौका नहीं मिला। इसके साथ ही मिचेल न्यूजीलैंड के दूसरे बल्लेबाज हो गए हैं, जिन्होंने वनडे रैंकिंग में नंबर वन की कुर्सी हासिल की है। इससे पहले 1979 में कीवी बल्लेबाज ग्लेन टर्नर नंबर वन बने थे।

रैंकिंग में इसके अलावा पाकिस्तान के बल्लेबाजों को भी फायदा हुआ है। श्रीलंका और पाकिस्तान के बीच वनडे सीरीज के बाद मोहम्मद रिजवान और फखर जमां की रैंकिंग सुधरी है। रिजवान 5 स्थान की छलांग लगाकर 22वें नंबर पर जबकि फखर जमां 26वें नंबर पर पहुंच गए हैं।

रोहित के पास फिर से नंबर वन बनने का मौका

हिटमैन के पास फिर से नंबर वन बनने का मौका है। मिचेल और उनके बीच केवल एक प्वाइंट का अंतर है। साउथ अफ्रीका के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज में अगर रोहित अपने ऑस्ट्रेलिया के फॉर्म को बरकरार रख पाएं तो वह आसानी से नंबर वन की कुर्सी दोबारा हासिल कर सकते हैं। टॉप-10 बल्लेबाजों की बात करें तो भारत का दबदबा अब भी बरकरार है। रोहित के अलावा 3 भारतीय बल्लेबाज टॉप-10 में हैं। शुभमन गिल चौथे, विराट कोहली 5वें और श्रेयस अय्यर 8वें नंबर पर हैं।
Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article