अहमदाबाद। गुजरात टाइटन्स के खिलाफ आईपीएल 2026 के फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने पांच विकेट से ऐतिहासिक जीत दर्ज की। आरसीबी ने टाइटल डिफेंड करते हुए लगातार दूसरी बार खिताब जीता। वह आईपीएल इतिहास की तीसरी टीम बन गई, जिसने अपने खिताब का सफलपूर्वक बचाव किया। हालांकि, बेंगलुरु के फैंस के लिए एक दुखद खबर की आरसीबी ने विक्ट्री परेड नहीं निकालने का फैसला किया है।
पिछले साल की भगदड़ और 11 लोगों की मौत को ध्यान में रखते हुए रॉयल चैलेंज बेंगलुरु (RCB) ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में लगातार दूसरी खिताबी जीत के लिए विजय जुलूस नहीं निकालने का फैसला किया है। रॉयल चैलेंजर्स ने रविवार को यहां गुजरात टाइटन्स को पांच विकेट से हराकर लगातार दूसरी बार आईपीएल का खिताब जीता।
डीके शिवकुमार का शपथ ग्रहण समारोह
आरसीबी ने यह निर्णय कर्नाटक के नवनियुक्त मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के शपथ ग्रहण समारोह को ध्यान में रखते हुए भी लिया जो लोक भवन में आयोजित किया जाएगा। पिछले साल चार जून को जल्दबाजी में निकाले गए विजय जुलूस के दौरान चिन्नास्वामी स्टेडियम के पास 11 प्रशंसकों की मौत हो गई थी।
पुलिस आयुक्त ने जारी किया निर्देश
आरसीबी के एक सूत्र ने पीटीआई से कहा, बेंगलुरु में किसी भी प्रकार का जश्न मनाने की संभावना बहुत कम है। कुछ दिशानिर्देश निर्धारित हैं और हमें उनका पालन करना होगा। इस बीच बेंगलुरु शहर के पुलिस आयुक्त सीमंथ कुमार सिंह ने कहा, हम किसी भी प्रकार के सार्वजनिक समारोह की अनुमति नहीं देंगे। यदि कोई जश्न मनाना चाहता है तो वह घर के अंदर मना सकता है।
आरसीबी ने रचा इतिहास
फाइनल मैच की बात करें तो गुजरात ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 155 रन बनाए। वॉशिंगटन सुंदर ने नाबाद अर्धशतकीय पारी खेली थी। इसके जवाब में आरसीबी ने टारगेट चेज करते हुए 18 ओवर में आसान जीत दर्ज कर ली। विराट कोहली ने नाबाद 72 रन की मैच जिताऊ पारी खेली। आरसीबी, चेन्नई और मुंबई के बाद खिताब डिफेंड करने वाली तीसरी टीम बन गई।
