Ranji Trophy Semi Final: कर्नाटक ने बनाए 689 रन, बंगाल के लिए शमी ने चटकाए तीन विकेट
- Edited by: उमेश कुमार
- Updated Feb 16, 2026, 11:43 PM IST
रणजी ट्रॉफी का 2025-26 का सीजन अपने आखिरी दौर पर पहुंच गया है। चार टीमें फाइनल में पहुंचने के लिए आमने-सामने हैं। पहला सेमीफाइनल लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेला जा रहा है। वहीं दूसरा सेमीफाइनल कल्याणी में खेला जा रहा है। कर्नाटक ने उत्तराखंड के खिलाफ दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक 6 विकेट के नुकसान पर 689 रन बना लिए हैं। वहीं, जम्मू कश्मीर ने बंगाल के खिलाफ दूसरे दिन सोमवार को पांच विकेट पर 198 रन बना लिए।
रणजी ट्रॉफी सेमीफानल। फाइल फोटो
भाषा। कप्तान देवदत्त पडिक्कल के प्रथम श्रेणी क्रिकेट में पहले दोहरे शतक की मदद से कर्नाटक ने रणजी ट्रॉफी सेमीफाइनल में सोमवार को उत्तराखंड के खिलाफ 6 विकेट पर 689 रन बनाये। रविचंद्रन स्मरण ने भी 191 गेंद में 11 चौकों की मदद से नाबाद 121 रन की पारी खेली। पडिक्कल ने 330 गेंद में 29 चौकों और तीन छक्कों के साथ 232 रन बनाये। वहीं, दूसरे सेमीफाइनल में मोहम्मद शमी के तीन विकेट के बावजूद जम्मू कश्मीर ने बंगाल के खिलाफ दूसरे दिन सोमवार को पांच विकेट पर 198 रन बना लिए।
पहले सेमीफाइनल में अपने कल के स्कोर 2 विकेट पर 355 रन से आगे खेलते हुए कर्नाटक ने उसी लय को कायम रखा। पडिक्कल और करूण नायर (105 गेंद में 60 रन ) ने तीसरे विकेट के लिये 129 रन जोड़े। उत्तरखंड को पहली सफलता अभय नेगी ने दिलाई जिन्होंने करूण को विकेटकीपर सौरभ रावत के हाथों लपकवाया। पडिक्कल ने 288 गेंद में अपना दोहरा शतक पूरा किया। वह स्मरण के साथ 59 रन की साझेदारी करने के बाद लक्ष्य रायचंदानी की गेंद पर विकेटकीपर रावत को कैच देकर लौटे।
स्मरण ने जड़ा शतक
श्रेयस गोपाल खाता भी नहीं खोल सके और आदित्य रावत की गेंद पर बोल्ड हो गए। वहीं, पडिक्कल के आउट होने के बाद स्मरण ने विकेटकीपर कृतिक कृष्णा के साथ 123 रन की साझेदारी की। कृष्णा ने 103 गेंद में 60 रन बनाए, जिसमें छह चौके और एक छक्का शामिल था। ऑफ स्पिनर अवनीश सुधा ने कृष्णा को आउट करके इस साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद विद्याधर पाटिल (नाबाद 35) ने स्मरण के साथ सातवें विकेट की अटूट साझेदारी में 81 रन जोड़ लिये हैं। पहले दिन कल भारत के टेस्ट और वनडे बल्लेबाज केएल राहुल ने 141 रन बनाये थे।
शमी की घातक गेंदबाजी
वहीं, मोहम्मद शमी के तीन विकेट के बावजूद जम्मू कश्मीर ने बंगाल के खिलाफ रणजी ट्रॉफी सेमीफाइनल के दूसरे दिन सोमवार को पांच विकेट पर 198 रन बना लिये, जिससे मुकाबला अभी भी बराबरी का है। बंगाल ने पांच विकेट पर 249 रन से आगे खेलते हुए पहली पारी में 328 रन बनाये। जम्मू कश्मीर के लिये आकिब नबी ने 26 ओवरों में 87 रन देकर पांच विकेट लिये। इस रणजी सत्र में उनके 50 विकेट पूरे हो गए हैं।
पारस डोगरा ने पूरे किए 10 हजार रन
बंगाल के लिये फॉर्म में चल रहे बल्लेबाज सुदीप कुमार घरामी कल के स्कोर में दस रन और जोड़कर 146 रन पर आउट हो गए। अनुभवी सुमंता गुप्ता ने 36 गेंद में 39 रन बनाये। बायें हाथ के तेज गेंदबाज सुनील कुमार ने 20 ओवरों में 41 रन देकर तीन विकेट लिये। जम्मू कश्मीर की पारी में भारत के पूर्व गेंदबाज शमी ने बंगाल के लिये शानदार पहला स्पैल डाला।
उन्होंने सलामी बल्लेबाज शुभमन खजूरिया (तीन) और ताविर हुसैन (दो ) को LBW आउट किया, जबकि शुभम पुंडीर ने मुकेश कुमार की गेंद पर स्लिप में सुदीप चटर्जी को कैच थमाया। तीन विकेट 13 रन पर गिरने के बाद जम्मू कश्मीर के लिये अनुभवी कप्तान पारस डोगरा ने 112 गेंद में 58 रन बनाये और युवा आईपीएल स्टार अब्दुल समद ने 85 गेंद में 82 रन की पारी खेली। पारस डोगरा ने रणजी ट्रॉफी में 10000 रन भी पूरे कर लिये।
क्रिकेट की ताजा ख़बरें (Cricket News in Hindi )पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Sports पर. और आईपीएल 2026 अंक तालिका, ऑरेंज कैप और पर्पल कैप की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
