क्रिकेट

ICC Women's ODI World Cup 2025: पीसीबी ने किया ऐलान, विश्व कप के लिए पाकिस्तानी महिला टीम नहीं करेगी भारत दौरा

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने दो टूक ऐलान किया है कि पाकिस्तान की महिला क्रिकेट टीम इस साल विश्व कप के लिए भारत दौरा नहीं करेगी।

Image

पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम (साभार PCB)

लाहौर: पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने शनिवार को घोषणा की कि उनकी महिला टीम इस साल के आखिर में होने वाले आईसीसी एकदिवसीय विश्व कप के लिए भारत नहीं जाएगी और इस साल की शुरुआत में स्वीकार किए गए हाइब्रिड मॉडल का पालन करते हुए अपने मैच किसी तटस्थ स्थल पर खेलेगी।

हाइब्रिड मॉडल में पाकिस्तान खेलेगा मैच

हाल ही में जब पाकिस्तान ने आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी की थी तो भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने दोनों देशों के बीच राजनयिक तनाव के कारण भारतीय टीम को सीमा पार भेजने से इनकार कर दिया था और उनके मैच दुबई में खेले गए थे। हाइब्रिड मॉडल पर सहमति बनी थी जिसके तहत भारत और पाकिस्तान के आईसीसी प्रतियोगिताओं की मेजबानी करने की स्थिति में दोनों को अपने मैच तटस्थ स्थल पर खेलने की अनुमति होगी।

बीसीसीआई और आईसीसी करेंगे वेन्यू का फैसला

नकवी ने कहा,'जैसे भारत चैंपियंस ट्रॉफी में पाकिस्तान में नहीं खेला था और उसे तटस्थ स्थल पर खेलने की अनुमति दी गई थी, वैसे ही जो भी स्थल तय होगा हम वहां खेलेंगे। जब कोई समझौता होता है तो उसका पालन करना होता है।' पीसीबी प्रमुख ने कहा कि टूर्नामेंट के मेजबान होने के नाते भारत और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) तटस्थ स्थल पर फैसला करेंगे।

29 सितंबर से 26 अक्टूबर के बीच होगा टूर्नामेंट का आयोजन

भारत 29 सितंबर से 26 अक्टूबर तक होने वाले इस टूर्नामेंट की मेजबानी करेगा जिसमें ऑस्ट्रेलिया गत विजेता है। नकवी ने पाकिस्तान की महिला टीम के विश्व कप के लिए क्वालीफाई करने के प्रभावशाली तरीके पर भी संतोष व्यक्त किया। लाहौर में आयोजित क्वालीफायर में पाकिस्तान ने अपने सभी पांच मैच जीते। उन्होंने आयरलैंड, स्कॉटलैंड, वेस्टइंडीज, थाईलैंड और बांग्लादेश को हराकर मुख्य दौर के लिए आसानी से क्वालीफाई किया जिसके लिए मेजबान भारत, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका और श्रीलंका पहले ही क्वालीफाई कर चुके हैं।

महिला टीम को मिलेगा स्पेशल प्राइज

नकवी ने कहा,'टीम ने दिखाया कि घरेलू परिस्थितियों का फायदा कैसे उठाया जाए और एक इकाई की तरह कैसे खेला जाए। मुझे खुशी है कि महिला क्रिकेट टीम अच्छा प्रदर्शन कर रही है।' उन्होंने कहा कि पीसीबी निश्चित रूप से महिला टीम के लिए उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन को देखते हुए विशेष पुरस्कार की घोषणा करेगा। नकवी ने यह भी कहा कि उन्हें खुशी है कि पीसीबी ने चैंपियंस ट्रॉफी के बाद एक और आईसीसी प्रतियोगिता की सफलतापूर्वक मेजबानी की।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article