Gaddafi Cricket Stadium: लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम का नाम बदलने वाला है। इसके लिए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने गद्दाफी स्टेडियम के नामकरण अधिकार को पांच साल की अवधि के लिए बेचने के लिए एक करार किया है। पीसीबी ने यह करार एक निजी बैंक के साथ 1 अरब पाकिस्तानी रुपये के बदले किया। पीसीबी ने अभी तक आधिकारिक तौर पर इस करार की घोषणा नहीं की है, लेकिन सूत्रों की मानें तो यह करार पूरा हो चुका है। कराची के नेशनल स्टेडियम की तरह, गद्दाफी स्टेडियम का नाम भी अब बैंक के नाम पर रखा जाएगा।
"इससे पहले कराची स्टेडियम के नामकरण अधिकार का करार एक अरब पाकिस्तानी रुपये में हुआ था लेकिन करार फिर 450 मिलियन डॉलर में ही कर दिया गया। लाहौर में क्रिकेट स्टेडियम का नाम 1974 में लीबियाई नेता मुअम्मर गद्दाफी के नाम पर रखा गया था।
पीसीबी के पूर्व अध्यक्ष और पूर्व कप्तान रमीज राजा ने 2021 में देश में क्रिकेट स्टेडियमों के नामकरण अधिकार बेचने की प्रक्रिया शुरू की थी और कराची स्टेडियम का सौदा उनके कार्यकाल के दौरान पूरा हुआ था। नेशनल स्टेडियम को अब नेशनल बैंक क्रिकेट एरिना के नाम से जाना जाता है। पीसीबी का नेतृत्व आंतरिक मंत्री मोहसिन नकवी कर रहे हैं। सूत्रों की मानें तो, "नकवी घरेलू क्रिकेट को समर्थन देने के लिए राजस्व स्रोत भी बढ़ाना चाहते हैं जिससे पाकिस्तान क्रिकेट को फायदा होगा।"
