क्रिकेट

PAK vs SA 3rd ODI Highlights: पाकिस्तान ने तीसरे वनडे दक्षिण अफ्रीका को रौंदकर किया वनडे सीरीज पर कब्जा, सैम अयूब और अबरार अहमद के सिर पर सजा जीत का सेहरा

पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने दक्षिण अफ्रीका को फैसलाबाद में खेले गए सीरीज के तीसरे और निर्णायक वनडे में सात विकेट से रौंदकर सीरीज पर 2-1 के अंतर से कब्जा कर लिया है। ऐसा रहा मैच के पल पल का हाल।

Pakistan Cricket team

पाकिस्तान क्रिकेट टीम

फैसलाबाद: पाकिस्तान ने दक्षिण अफ्रीका को सीरीज के तीसरे और निर्णायक वनडे में 7 विकेट के अंतर से मात देकर सीरीज 2-1 के अंतर से अपने नाम कर ली। मैच में दक्षिण अफ्रीका की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और इसके बाद पाकिस्तानी गेंदबाजों के जाल में फंसकर 37.5 ओवर में 143 रन पर सिमट गई। अबरार अहमद ने अपने वनडे करियर की सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी करते हुए 27 रन देकर 4 विकेट झटके और दक्षिण अफ्रीकी टीम को सस्ते में समेटने में अहम भूमिका अदा की। इसके बाद जीत के लिए मिले 144 रन के लक्ष्य को पाकिस्तान ने सैम अयूब की 70 गेंद में 77 रन की पारी की बदौलत 25.1 ओवर में तीन विकेट खोकर हासिल कर लिया। अयूब के अलावा बाबर आजम 27(32) और मोहम्मद रिजवान 32*(45) रन की पारी खेली। सलमान अली आगा ने 5 रन का योगदान दिया।

अच्छी शुरुआत के बाद लड़खड़ाई द. अफ्रीका की पारी

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दक्षिण अफ्रीका की टीम को लुहान ड्री प्रिटोरियस और क्विंटन डिकॉक की सलामी जोड़ी ने अच्छी शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 14.2 ओवर में 72 रन की साझेदारी की। प्रिटोरियस के 15वें ओवर की दूसरी गेंद पर सलमान अली आगा की गेंद पर कैच देते ही ये साझेदारी टूट गई। प्रिटोरियस ने 39(45) रन बनाए। इसके बाद 87 के स्कोर पर टोनी डी जोर्जी भी सलमान अली आगा की गेंद पर कैच दे बैठे। उन्होंने 2(14) रन बनाए। इसके बाद डिकॉक और कप्तान मैथ्यू ब्रीट्जके ने टीम को 100 रन के पार 23.3 ओवर में पहुंचाया। इसी दौरान डिकॉक ने अपना अर्धशतक भी 68 गेंद पर 6 चौके और एक छक्के की मदद से पूरा कर लिया।

डिकॉक के आउट होते ही लगी विकटों की झड़ी, 37 रन पर गंवाए 8 विकेट

106 के स्कोर पर मोहम्मद नवाज ने क्विंटन डिकॉक को एलबीडब्लू करके द. अफ्रीका को तीसरा झटका दिया। डिकॉक ने 53(70) रन बनाए।

डिकॉक के आउट होने के बाद दक्षिण अफ्रीकी टीम के विकेटों की झड़ी लग गई। एक छोर पर कप्तान ब्रीट्जकी खिलाड़ियों को आता जाता देखते रहे। वो भी 130 के स्कोर पर आठवें विकेट के रूप में 16 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। थोड़ी देर उनका साथ नकाबयोमजी पीटर ने दिया। अंत में पूरी टीम 37.5 ओवर में 143 रन पर ढेर हो गई। दक्षिण अफ्रीका ने अपने आखिरी आठ विकेट सिर्फ 37 रन पर गंवा दिए। पाकिस्तान के लिए स्पिनर अबरार अहमद ने सबसे ज्यादा 4 विकेट चटकाए। 2-2 सफलता कप्तान शाहीन अफरीदी, सलमान अली आगा और मोहम्मद नवाज के खाते में गए।

खराब शुरुआत के बाद अयूब और बाबर ने संभाली पाकिस्तान की पारी

जीत के लिए 144 रन के आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तानी टीम की शुरुआत खराब रही। पहले ओवर की दूसरी गेंद पर ही फख़र जमां को नांद्रे बर्गर ने बोल्ड कर दिया। वो अपना खाता भी नहीं खोल पाए। इसके बाद सैम अयूब और बाबर आजम ने पारी को संभाला और टीम को 7.5 ओवर में 50 रन के पार पहुंचा दिया। इसके बाद अयूब ने अपना अर्धशतक 39 गेंद में 8 चौके और एक छक्के की मदद से पूरा कर लिया। बाबर आजम 27 रन बनाकर रन आउट हो गए। 65 रन पर पाकिस्तान ने दूसरा विकेट गंवाया।

सैम अयूब ने खेली 77 रन की मैच जिताऊ पारी

बाबर के आउट होने के बाद सैम अयूब और मोहम्मद रिजवान ने टीम को 100 रन के पार 17.5 ओवर में पहुंचा दिया। दोनों टीम को जीत के मुहाने पर ले गए लेकिन 130 के स्कोर पर अयूब को फोरट्वीन ने फरेरिया के हाथों कैच करा दिया। उन्होंने 77(70) रन बनाए। इस दौरान 11 चौके और एक छक्का जड़ा। इसके बाद मोहम्मद रिजवान और सलमान आगा ने जीत की औपचारिकताएं 25.1 ओवर में पूरी कर दी। रिजवान 32 और आगा 5 रन बनाकर नाबाद रहे। दक्षिण अफ्रीका के लिए एक-एक विकेट फरेरा और बर्गर ने लिया। अबरार अहमद को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। वहीं क्विटन डिकॉक प्लेयर ऑफ द सीरीज चुने गए।

क्रिकेट की ताजा ख़बरें (Cricket News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Sports पर। क्रिकेट (Sports News) ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat Sports से।

लेटेस्ट न्यूज

नवीन चौहान
नवीन चौहान Author

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों स... और देखें

End of Article