थैमसिन न्यूटन ने किया संन्यास का ऐलान (फोटो- New Zealand cricket)
Thamsyn Newton Retirement: न्यूजीलैंड की महिला क्रिकेट टीम की ऑलराउंडर थैमसिन न्यूटन ने क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास लेने की घोषणा कर दी है। 30 वर्षीय न्यूटन ने 2015 में अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत की थी और 2021 में अपना आखिरी मैच खेला था।
थैमसिन न्यूटन को अपने लगभग एक दशक लंबे अंतरराष्ट्रीय करियर में लगातार सफलता नहीं मिल पाई। कई बार उन्हें टीम से अंदर-बाहर होना पड़ा। वह 2016 टी20 विश्व कप और 2017 वनडे विश्व कप में न्यूजीलैंड टीम का हिस्सा रहीं। मध्यम गति की तेज गेंदबाज और निचले क्रम में उपयोगी बल्लेबाज के रूप में जानी जाने वाली न्यूटन ने न्यूजीलैंड के लिए 10 वनडे और 15 टी20 मैच खेले।वनडे में उन्होंने 11 विकेट और 57 रन बनाए। उनका वनडे का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 31 रन देकर 5 विकेट लेना रहा। वहीं, टी20 में उन्होंने 9 विकेट चटकाए।
न्यूटन ने अपने दूसरे ही टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में श्रीलंका के मध्यक्रम को तहस-नहस कर दिया था। इस मुकाबले में उन्होंने 9 रन देकर 3 विकेट लिए। इसके अलावा नवंबर 2016 में पाकिस्तान के खिलाफ वनडे में उन्होंने करियर का पहला पांच विकेट हॉल हासिल किया।
अंतरराष्ट्रीय स्तर की तुलना में न्यूटन का प्रदर्शन घरेलू क्रिकेट में अधिक प्रभावी रहा। उन्होंने 2011-12 में वेलिंगटन से अपने घरेलू करियर की शुरुआत की। 2014 से 2018 तक उन्होंने कैंटरबरी के लिए खेला और फिर पांच साल बाद वेलिंगटन लौट आईं। 2023-24 सीजन से पहले वह सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट्स से जुड़ गईं।न्यूटन ने न्यूजीलैंड की घरेलू वनडे प्रतियोगिता हैलीबर्टन जॉनस्टोन शील्ड का फाइनल चार बार खेला, जिसमें उन्होंने कैंटरबरी और वेलिंगटन के साथ एक-एक बार खिताब जीता।
थैमसिन न्यूटन ऑस्ट्रेलिया की महिला बिग बैश लीग (BBL) में पर्थ स्कॉर्चर्स की तरफ से खेल चुकी हैं। क्रिकेट के अलावा वह न्यूजीलैंड की घरेलू महिला रग्बी यूनियन प्रतियोगिता फराह पामर कप में वेलिंगटन प्राइड और हॉक्स बे टुई के लिए रग्बी भी खेल चुकी हैं।
क्रिकेट की ताजा ख़बरें (Cricket News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Sports पर। क्रिकेट (Sports News) ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat Sports से।