Nat Sciver Brunt Century: मुंबई इंडियंस की बैटर नैट सीवर ब्रंट ने विमेंस प्रीमियर लीग में इतिहास रच दिया। सोमवार को आरसीबी के खिलाफ करो या मरो मुकाबले में नैट सीवर ने ब्रंट ने इस टी20 लीग का पहला शतक जड़ा। उन्होंने 57 गेंद में 16 चौके और 1 छक्के की मदद से यह शतक पूरा किया। उन्होंने 20वें ओवर की चौथी गेंद पर एक रन लेकर अपना शतक पूरा किया। इसके साथ ही वह विमेंस प्रीमियर लीग की पहली शतकवीर बन गईं। 3 सीजन के इंतजार के बाद विमेंस प्रीमियर लीग को अपना पहला शतकवीर मिला। इसके साथ ही वह इस लीग में सबसे बड़ी पारी खेलने वाली खिलाड़ी भी बन गईं। उन्होंने यूपी वॉरियर्स के जॉर्जिया वॉल का रिकॉर्ड तोड़ा जिन्होंने पिछले सीजन नाबाद 99 रन की पारी खेली थी। उनकी पारी भी आरसीबी के खिलाफ ही आई थी।
नैट सीवर ब्रंट शतक
खत्म हुआ 1059 दिन का इंतजार
इसके साथ ही विमेंस प्रीमियर लीग में 1059 दिन, 3 सीजन और 81 मैच का इंतजार खत्म हो गया है। इससे पहले इस लीग में कई बार 99 के स्कोर पर खिलाड़ी आउट हुए, लेकिन शतक नहीं बना पाए थे। विमेंस प्रीमियर लीग में 9 खिलाड़ी नर्वस नाइंटी का शिकार हो चुके थे। इसलिए यह शतक बेहद खास है।हरमनप्रीत कौर के साथ शतकीय साझेदारी
नैट सीवर ब्रंट ने हरमनप्रीत कौर के साथ इस मुकाबले में शतकीय साझेदारी की। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए केवल 73 गेंद में 131 रन की साझेदारी की। इस साझेदारी में हरमनप्रीत कौर ने 49 और नैट सीवर ब्रंट ने 75 रन का योगदान दिया। इन दोनों की शतकीय साझेदारी के दम पर मुंबई ने करो या मरो मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 4 विकेट के नुकसान पर 199 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।
