क्रिकेट

Video: एशिया कप ट्रॉफी के सवाल पर मुंह छिपाते दिखे मोहसिन नकवी, वीडियो वायरल

Mohsin Naqvi Viral Video: एशिया कप 2025 की समाप्ति के बाद से ही पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड और एसीसी के चेयरमैन मोहसिन नकवी चर्चा में हैं और उनके वीडियो सामने आते रहते हैं। हाल ही में जब वे अबरार अहमद की शादी में पहुंचे तो उन्होंने ट्रॉफी से जुड़े सवाल का जवाब नहीं दिया।

Image

मोहसिन नकवी (फोटो- AP)

Mohsin Naqvi Viral Video: एशिया कप 2025 ट्रॉफी विवाद के बाद से पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) और एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के चेयरमैन मोहसिन नकवी लगातार चर्चा में बने हुए हैं। हाल ही में अबरार अहमद के शादी समारोह के दौरान नकवी से इस मुद्दे पर सवाल पूछा गया, लेकिन उन्होंने जवाब देने से इनकार कर दिया। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में देखा जा सकता है कि जब एक पत्रकार ने उनसे ट्रॉफी के भविष्य को लेकर सवाल किया, तो उन्होंने कुछ कहे बिना वहां से निकलना ही उचित समझा। हालांकि उनके चेहरे पर हंसी देखी गई।

46 वर्षीय मोहसिन नकवी बीते कुछ समय से सुर्खियों में हैं, क्योंकि टीम इंडिया द्वारा उनसे ट्रॉफी लेने से इनकार करने के बाद उन्होंने एशिया कप 2025 ट्रॉफी अपने साथ ले ली थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, बीसीसीआई द्वारा संभावित कार्रवाई की चेतावनी मिलने के बाद नकवी ने ट्रॉफी अमीरात क्रिकेट बोर्ड को सौंप दी है। हालांकि, अब तक टूर्नामेंट विजेता भारतीय टीम को ट्रॉफी प्राप्त नहीं हुई है।

सोशल मीडिया पर वीडियो हुआ वायरल

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि नकवी कार्यक्रम के दौरान रिपोर्टर्स और लोगों की भीड़ से घिरे हुए थे। जब उनसे ट्रॉफी विवाद पर सवाल किया गया, तो उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी और चुपचाप अपनी कार में बैठकर रवाना हो गए। इस वीडियो को सोशल मीडिया पर खूब साझा किया जा रहा है।

रऊफ पर जुर्माना, फर्हान को चेतावनी

भारत के खिलाफ सुपर-4 मुकाबले में पाकिस्तानी ओपनर साहिबजादा फर्हान ने अर्धशतक पूरा करने के बाद “गन-शॉट” स्टाइल में सेलिब्रेशन किया। वहीं हैरिस रऊफ ने ‘फाइटर जेट’ इशारा दोहराया। इसके बाद आईसीसी ने फर्हान को चेतावनी दी, जबकि रऊफ पर 30% मैच फीस का जुर्माना लगाया गया।

भारत ने दिखाया दबदबा, पाकिस्तान को तीन बार हराया

सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया। ग्रुप स्टेज और सुपर-4 दोनों चरणों में भारत ने पाकिस्तान को हराया। हालांकि फाइनल में पाकिस्तान ने शुरुआती झटके जरूर दिए, लेकिन तिलक वर्मा की निडर 69 रनों की पारी ने भारत को जीत की राह पर वापस ला दिया।भारत ने एशिया कप 2025 फाइनल में पाकिस्तान को 5 विकेट से हराकर अपना नौवां एशिया कप खिताब जीता और पूरे टूर्नामेंट में अजेय रहने वाली टीम बनी रही।

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article