क्रिकेट

मोहम्मद शमी ने तोड़ा अनिल कुंबले का रिकॉर्ड, बने विश्व कप में दूसरे सबसे सफल भारतीय गेंदबाज

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Oct 22, 2023, 05:03 PM IST

Mohammed Shami in World Cup: मोहम्मद शमी न्यूजीलैंड के खिलाफ मुकाबले में पहला विकेट चटकाते ही विश्व कप के इतिहास में दूसरे सबसे सफल भारतीय गेंदबाज बन गए।

Image

मोहम्मद शमी

Photo : AP

धर्मशाला: विश्व कप 2023 में पहली बार शिरकत करते हुए भारत के स्टार तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने न्यूजीलैंड के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया। कीवी टीम के खिलाफ पहले गेंदबाजी का निर्णय टीम इंडिया ने किया। भारत की शुरुआत अच्छी रही और सिराज ने चौथे औवर में डेवेन कॉन्वे के रूप में पहली सफलता दिलाई। इसके बाद मोहम्मद शमी ने विल यंग को बोल्ड करके भारत को दूसरी सफलता दिलाई।

शमी ने तोड़ा अनिल कुंबले का रिकॉर्ड

यंग का विकेट झटकते ही मोहम्मद शमी भारत के लिए विश्व कप में सबसे ज्यादा विकेट झटकने के मामले में दूसरे पायदान पर पहुंच गए। उन्होंने इस मामले में धाकड़ स्पिनर रहे अनिल कुंबले को पीछे छोड़ा। कुंबले ने 18 मैच में 31 विकेट अपने नाम किए थे। वहीं शमी के खाते नें 12 मैच में 32 विकेट हो गए। शमी ने अपने विकेटों की संख्या को कुछ देर बाद ही 33 तक पहुंचा दिया।

जहीर-श्रीनाथ ने भारतीयों में नंबर वन

भारत के लिए विश्व कप इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट झटकने का रिकॉर्ड जहीर खान और जवागल श्रीनाथ के नाम साझा रूप से दर्ज है। दोनों धाकड़ तेज गेंदबाजों ने अपने विश्व कप करियर में 44-44 विकेट झटके। जहीर खान को इसके लिए 23 मैच की 23 पारियों में और श्रीनाथ को 34 मैच की 33 पारियों में गेंदबाजी करनी पड़ी।

ऐसा रहा है शमी का विश्व कप में प्रदर्शन

साल 2015 से 2023 के बीच मोहम्मद शमी ने तीन बार विश्व कप में शिरकत की। इस दौरान खेले 12 मैच की 12 पारियों में 33 विकेट 15.75 के औसत और 18.57 की इकोनॉमी के साथ झटके। उनका स्ट्राइक रेट इस इस दौरान 18.57 का रहा। शमी ने साल 2019 में अफगानिस्तान के खिलाफ विश्व कप में हैट्रिक भी अपने नाम की थी और चेतन शर्मा के बाद ऐसा करने वाले दूसरे भारतीय बने थे। शमी ने विश्व कप में 3 बार पारी में चार या उससे ज्यादा और एक बार पांच विकेट अपने नाम किए। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 5/69 रन रहा है।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article