क्रिकेट

बीसीसीआई अध्यक्ष ने इन्हें दिया महिला क्रिकेट में क्रांतिकारी बदलाव का श्रेय

बीसीसीआई अध्यक्ष मिथुन मन्हास ने महिला क्रिकेट में अभूतपूर्व बदलाव का श्रेय आईसीसीसी के अध्यक्ष जय शाह को दिया है। भारतीय महिला क्रिकेट टीम लगभग 20 साल पहले बीसीसीआई का हिस्सा बनी।

Image

मिथुन मन्हास (साभार-X)

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के अध्यक्ष मिथुन मन्हास ने देश में महिला क्रिकेट में क्रांतिकारी बदलाव और सफलता का श्रेय मौजूदा आईसीसी सचिव जय शाह को दिया। आईएएनएस से बात करते हुए मन्हास ने कहा, "भारतीय महिला क्रिकेट टीम लगभग 20 साल पहले बीसीसीआई का हिस्सा बनी। इसके बाद टीम के विकास के लिए बोर्ड द्वारा काफी काम किया गया। बीसीसीआई के पूर्व सचिव जय शाह का देश की महिला क्रिकेट टीम के उत्थान में अहम योगदान रहा है। उन्होंने महिला क्रिकेट टीम की मैच फीस पुरुषों के समान की।

आईपीएल की तर्ज पर विमेंस प्रीमियर लीग की शुरुआत हुई। अंडर-15 क्रिकेट को भी शुरू किया गया है। आईसीसी अध्यक्ष के रूप में भी उन्होंने महिला विश्व कप 2025 की इनाम राशि में कई गुणा वृद्धि की। इस तरह न सिर्फ भारतीय महिला क्रिकेट टीम बल्कि दुनियाभर में महिला क्रिकेट की बेहतरीन के लिए वे शानदार काम कर रहे हैं और इसका श्रेय उन्हें दिया जाना चाहिए।"

बीसीसीआई अध्यक्ष ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम को विश्व चैंपियन बनने पर बधाई देते हुए कहा कि इससे देश में महिला क्रिकेट में निश्चित रूप से क्रांति आएगी। मैं उम्मीद करता हूं कि पुरुषों की तरह अब महिलाएं भी गली क्रिकेट खेलते हुए दिखेंगी।

महिला क्रिकेट को आगे बढ़ाने की बोर्ड अध्यक्ष के रूप में अपनी जिम्मेदारी से जुड़े सवाल पर मन्हास ने कहा, "यह एक बड़ी जिम्मेदारी और विरासत है जिसे हमें आगे ले जाना है। हम इसके लिए तैयार हैं। हमारी टीम सक्षम है। हम अच्छा काम करने का प्रयास करेंगे ताकि न केवल महिला टीम, बल्कि पुरुष टीम भी नई ऊंचाइयों पर पहुंचे और भारतीय क्रिकेट का उत्थान जारी रहे।" बीसीसीआई अध्यक्ष ने दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष के रूप में रोहन जेटली द्वारा प्रथम श्रेणी क्रिकेट के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की। बता दें कि मिथुन मन्हास दिल्ली के लिए ही घरेलू क्रिकेट खेले हैं।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article