क्रिकेट

भारत-ऑस्ट्रेलिया वर्ल्ड कप मैच के दौरान मिताली राज को मिलेगा खास सम्मान

भारत की मेजबानी में विमेंस वर्ल्ड कप खेला जा रहा है। इस क्रम में भारतीय टीम को अपना अगला दो मुकाबला विशाखापत्तनम में खेला जाएगा। इस मुकाबले के दौरान मिताली राज को खास सम्मान दिया जाएगा।

Image

मिताली राज (साभार-X)

एसीए-वीडीसीए विशाखापत्तनम क्रिकेट स्टेडियम में दो स्टैंड का नाम भारत की दिग्गज महिला क्रिकेटर 'मिताली राज' और 'रवि कल्पना' के नाम पर रखा जाएगा। इन स्टैंड के उद्घाटन समारोह का आयोजन 12 अक्टूबर को भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच महिला वर्ल्ड कप मैच के साथ किया जाएगा। आंध्र प्रदेश के मंत्री नारा लोकेश के साथ अगस्त 2025 में 'ब्रेकिंग बाउंड्रीज' कार्यक्रम में भारत की स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना के अनुरोध के बाद यह फैसला लिया गया है।

सोमवार को जारी आधिकारिक बयान में कहा गया कि स्मृति मंधाना की अपील पर अमल करते हुए, मंत्री नारा लोकेश ने तुरंत आंध्र क्रिकेट संघ से परामर्श किया, जिसके परिणामस्वरूप विशाखापत्तनम स्टेडियम में महिला क्रिकेट की महान हस्तियों के नाम पर स्टैंड का नामकरण करके उन्हें सम्मानित करने का फैसला लिया गया है।

मंत्री नारा लोकेश ने कहा, "स्मृति मंधाना के विचारशील सुझाव ने व्यापक जनभावना को छुआ है। इस विचार को तत्काल अमल में लाना लैंगिक समानता और महिला क्रिकेट के अग्रदूतों को सम्मान देने के प्रति हमारे सामूहिक समर्पण को दर्शाता है।" आंध्र क्रिकेट एसोसिएशन (एसीए) भारत-ऑस्ट्रेलिया मैच से पहले 12 अक्टूबर को 'मिताली राज स्टैंड' और 'रवि कल्पना स्टैंड' का उद्घाटन करेगा।

स्टैंड का नाम बदलने से महिला क्रिकेटर्स को सम्मानित करने के साथ खेल में उनके योगदान पर भी प्रकाश डाला जाएगा। इससे देश की बच्चियों को महिला क्रिकेट को एक पेशे के रूप में अपनाने की प्रेरणा भी मिलेगी। भारत की पूर्व कप्तान मिताली राज ने अपने करियर में 12 टेस्ट मैच खेले, जिसमें 1 शतक और 4 अर्धशतकों के साथ 699 रन बनाए। इसके अलावा, उन्होंने 232 वनडे मुकाबलों में 7 शतकों और 64 अर्धशतकों के साथ कुल 7,805 रन जुटाए। 89 टी20 मुकाबलों में मिताली राज के बल्ले से 2,364 रन निकले। दूसरी ओर, आंध्र प्रदेश में जन्मीं रवि कल्पना ने बतौर विकेटकीपर-बल्लेबाज राज्य स्तर पर अपनी चमक बिखेरी। उन्होंने भारत की तरफ से 7 वनडे मैच भी खेले।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article