क्रिकेट

MCA ने अजिंक्य रहाणे स्कॉलरशिप फंड और अनुबंधित खिलाड़ियों की लिस्ट का ऐलान किया

MCA Announcement: मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन ने हाल में संन्यास का ऐलान करने वाले टीम इंडिया और मुंबई क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान अजिंक्य रहाणे के करियर को सम्मान देने के लिए एक स्कॉलरशिप फंड बनाने की घोषणा कर दी है। इसके साथ ही, MCA ने 2026-2027 सीजन के लिए अनुबंधित खिलाड़ियों की सूची भी जारी की।

Image

एमसीए ने अजिंक्य रहाणे स्कॉलरशिप फंड का ऐलान किया (X)

मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन ने गुरुवार को भारत और मुंबई के पूर्व कप्तान अजिंक्य रहाणे के करियर को सम्मान देने के लिए एक स्कॉलरशिप फंड बनाने की घोषणा की। साथ ही, एसोसिएशन ने 2026-2027 सीज़न के लिए कॉन्ट्रैक्ट पाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट को भी अंतिम रूप दिया। रहाणे ने पिछले महीने संन्यास की घोषणा की थी। उन्होंने 2024-2025 सीजन में आखिरी बार मुंबई की कप्तानी की थी। उनकी कप्तानी में, घरेलू क्रिकेट की दिग्गज टीम मुंबई ने 2023-2024 सीज़न में रणजी ट्रॉफी का अपना 42वां खिताब जीता था, जो एक रिकॉर्ड है।

MCA ने एक बयान में कहा, "एपेक्स काउंसिल ने अजिंक्य रहाणे की शानदार क्रिकेट यात्रा - मुंबई के ग्रासरूट क्रिकेट से लेकर भारत का प्रतिनिधित्व करने और भारतीय टेस्ट टीम की कप्तानी करने तक - को सम्मान देते हुए 'अजिंक्य रहाणे स्कॉलरशिप फंड' बनाने को मंजूरी दी है।" MCA ने बताया कि इस फंड में पूर्व BCCI और ICC अध्यक्ष शरद पवार का "बहुमूल्य योगदान" मिला है।

MCA अध्यक्ष अजिंक्य नाइक ने कहा, "माननीय शरद पवार साहब के बहुमूल्य योगदान से बना 'अजिंक्य रहाणे स्कॉलरशिप फंड' ग्रासरूट स्तर के क्रिकेटरों और हमारे मैदानों के विकास में मदद करेगा। हमें उम्मीद है कि इस पहल से युवा खिलाड़ियों को अपने सपनों को पूरा करने के बेहतर अवसर मिलेंगे और मुंबई की गौरवशाली क्रिकेट संस्कृति और मज़बूत होगी।"

मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन ने इस साल अप्रैल में अपने क्रिकेटरों के लिए कॉन्ट्रैक्ट सिस्टम लाने की घोषणा की थी - ऐसा करने वाली वह पहली राज्य एसोसिएशन थी - और अब गवर्निंग बॉडी ने 2026-2027 सीज़न के लिए अनुबंध पाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट को अंतिम रूप दे दिया है। MCA ने कहा, "एपेक्स काउंसिल ने चयनकर्ताओं की सिफारिश के आधार पर मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन के प्लेयर कॉन्ट्रैक्ट सिस्टम के तहत शामिल किए जाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट को मंज़ूरी दी और उसे अंतिम रूप दिया। खिलाड़ियों को ग्रेड A, ग्रेड B और ग्रेड C में बांटा गया है। ग्रेड A के लिए सालाना कॉन्ट्रैक्ट राशि 12 लाख रुपये, ग्रेड B के लिए 8 लाख रुपये और ग्रेड C के लिए 6 लाख रुपये तय की गई है।"

इससे पहले यह खबर आई थी कि कॉन्ट्रैक्ट की राशि खिलाड़ी के अनुभव और मुंबई के लिए खेले गए या खेले जा रहे फॉर्मेट की संख्या के आधार पर अलग-अलग होगी। ये अनुबंध केवल उन्हीं खिलाड़ियों को दिए गए हैं, जिन्होंने न तो पिछले दो सीजन में भारत का प्रतिनिधित्व किया है, और ना ही समान अवधि के लिए किसी टीम द्वारा चुना गया है।

एमसीए द्वारा अनुबंधित खिलाड़ियों की सूची

पुरुषों के लिए

ग्रेड ए: सिद्धेश लाड, शम्स मुलानी

ग्रेड बी: मोहित अवस्थी, आकाश आनंद, हार्दिक तमोरे

ग्रेड सी: सुवेद पारकर, साईराज पाटिल, हिमांशु सिंह, जय जैन, सुमेर ज़वेरी, अथर्व भोसले, मनन भट्ट, आयुष वर्तक

महिलाओं के लिए

ग्रेड ए: हुमैरा काजी, वृषाली भगत

ग्रेड बी: सानिका चालके

ग्रेड सी: प्रकाशिका नाइक, जील डी'मेलो, फातिमा जाफर, साध्वी संजय, कशिश निर्मल।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article