रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के बीच होने वाले मुकाबले से पहले एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में 'अनिल कुंबले एंड' और 'राहुल द्रविड़ एंड' का अनावरण किया गया। यह अनावरण भारत और कर्नाटक के खेल जगत के दो महानतम दिग्गजों को सम्मानित करने के तौर पर किया गया। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के आधिकारिक X हैंडल ने कुंबले और द्रविड़ को सम्मानित करते हुए एक वीडियो शेयर किया।
कुंबले भारत के लिए सर्वोच्च विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं, जिन्होंने 401 मैचों में 30.06 के औसत से 953 विकेट लिए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 10/74 है और वे एक पारी में दस विकेट लेने वाले एकमात्र भारतीय हैं। उन्होंने अपने करियर में 39 बार चार विकेट, 37 बार पांच विकेट और आठ बार दस विकेट चटकाए हैं। द्रविड़ भारत के तीसरे सबसे अधिक रन बनाने वाले अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी हैं, जिन्होंने 599 पारियों में 48 शतक और 145 छक्के सहित 45.57 के औसत से 24,064 रन बनाए हैं। उन्होंने भारत के हेड कोच के रूप में 2024 टी20 विश्व कप भी जीता था।
मैच की बात करें तो पहले बल्लेबाजी करते हुए आरसीबी ने 3 विकेट के नुकसान पर 250 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। आरसीबी की ओर से विराट कोहली (18 गेंदों में 28 रन, दो चौके और एक छक्का) और फिल साल्ट (30 गेंदों में 46 रन, तीन चौके और दो छक्के) ने अपनी टीम को अच्छी शुरुआत दी। बाद में पाटीदार और टिम डेविड ने 35 गेंद में 99 रन की साझेदारी की। पाटीदार ने (19 गेंदों में 48* रन, एक चौका और छह छक्के) और डेविड (25 गेंदों में 70* रन, तीन चौके और आठ छक्के) की आक्रामक पारी खेली।
