KKR vs PBKS Today Match Weather Updates (कोलकाता का मौसम): आईपीएल के 12वें मैच में कोलकाता नाईट राइडर्स का सामना पंजाब किंग्स से होगा। यह मुकाबला ईडेन गार्डन्स क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। केकेआर की टीम मौजूदा सीजन में अपनी पहली जीत की तलाश कर रही है, जबकि पंजाब किंग्स की टीम जीत की रथ पर सवार है। पंजाब के लिए यह तीसरा मुकाबला है और अब तक हुए दोनों मैच उन्होंने जीते हैं। पहले मुकाबले में पंजाब ने गुजरात को जबकि दूसरे मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स को हराया था। लेकिन अब पंजाब किंग्स के खिलाफ इस मुकाबले में बारिश का साया है।
ईडेन गार्डन्स में बारिश बन सकती है विलेन
कोलकाता नाइट राइडर्स के सामने सोमवार को पंजाब किंग्स के खिलाफ इस मैच में मौसम की मार भी चुनौती बन सकती है। मौसम विभाग (IMD) के बुलेटिन के अनुसार मैच के दौरान बारिश का अनुमान है। बारिश के कारण मुकाबला बाधित या रद्द होने या कम ओवरों में होने की आशंका है। केकेआर का अगला घरेलू मुकाबला लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ बृहस्पतिवार को है और इस मैच पर भी बारिश का खतरा है।
पिछले सीजन में भी पंजाब किंग्स के खिलाफ केकेआर का घरेलू मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया था। तब श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली पंजाब किंग्स ने चार विकेट पर 201 रन बनाए थे। केकेआर का स्कोर जब बिना किसी नुकसान के सात रन था, तब बारिश ने खेल बाधित कर दिया और दोनों टीमों को अंक साझा करना पड़ा।
सोमवार को कैसा रहेगा ईडेन गार्डन्स कोलकाता का मौसम (Kolkata Weather Report)
आईएमडी के अनुसार, ’’(रविवार) सुबह से लगातार बादल छाए हुए हैं और राज्य में रविवार से बृहस्पतिवार तक बारिश और तूफान के दौर चल सकते हैं जिनमें ओले और बिजली गिरने का अनुमान है। इस दौरान मंगलवार और बुधवार को तेज बारिश हो सकती है। ’’
रविवार को बारिश के कारण दोनों टीमों को अभ्यास सत्र रद्द करना पड़ा। ईडन गार्डन्स का आउटफील्ड ढक दिया गया और मैदान में कई जगह पानी जमा हुआ दिखाई दिया। पांच-पांच ओवर के मैच के लिए कट ऑफ टाइम रात 10 बजकर 46 मिनट है।
