Indian Premier League 2023: आईपीएल की सबसे सफल टीम मुंबई इंडियंस को सीजन के शुरू होने से पहले एक और बड़ा झटका लगा है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के बाद एक और तेज गेंदबाज चोट के कारण टीम से बाहर हो सकता है। ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज झाई रिचर्डसन चोटिल हो गए हैं। वे भारत के खिलाफ वनडे सीरीज से पहले ही टीम से बाहर हो गए हैं। टीम में उनकी जगह नाथन एलिस को शामिल किया गया है। चोटिल झाई रिचर्डसन का 31 मार्च से शुरू होने वाले आईपीएल में शामिल होने की संभावना कम लग रही है।
इस सीरीज से भी बाहर हुए रिचर्डसन
चोट के कारण बॉर्डर गावस्कर सीरीज से पहले ही बाहर हो चुके तेज गेंदबाज झाई रिचर्ड्सन वनडे सीरीज से भी बाहर हो गए हैं। चोट के कारण रिचर्ड्सन बिग बैश लीग के आखिरी कुछ मैच भी नहीं खेल पाए थे।
बेस प्राइज पर मुंबई ने खरीदा था
आईपीएल में सबसे ज्यादा बार चैम्पियन बनने वाली टीम मुंबई इंडियंस ने झाई रिचर्डसन को बेस प्राइज में खरीदकर टीम में शामिल किया था। पिछले दिनों हुए ऑक्शन में झाई रिचर्डसन ने खुद का बेस प्राइज 1.50 करोड़ रुपए रखा था, जिसको मुंबई ने बेस प्राइज पर ही खरीदा लिया था। वहीं, 2021 में हुए ऑक्शन में झाई रिचर्डसन पर पैसों की बरसात हुई थी। उस दौरान भी उनका बेस प्राइज 1.50 करोड़ रुपया था, लेकिन दिल्ली कैपिटल्स, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर और पंजाब किंग्स के बीच काफी खींचतान के बाद पंजाब किंग्स ने 14 करोड़ की बोली लगाकर टीम में शामिल किया था।
