Team India Lowest Inning Test Score at Home: भारतीय क्रिकेट टीम का न्यूजीलैंड के खिलाफ बेंगलुरू के चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले जा रहे सीरीज के पहले टेस्ट मैच की पहली पारी में महज 46 रन पर ढेर हो गई। रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया जो कि टीम के लिए बारिश की परिस्थितियों में भारी पड़ गया। ऋषभ पंत और यशस्वी जायसवाल के अलावा और कोई भारतीय बल्लेबाज पिच पर नहीं टिक सका। ये दोनों ही दो अंक के आंकड़े तक पहुंच सके। पांच भारतीय बल्लेबाज कीवी गेंदबाजों के कहर के सामने अपना खाता भी नहीं खोल सके। भारतीय टीम का यह घरेलू सरजमीं पर न्यूनतम टेस्ट स्कोर है। इससे पहले उसका घर पर न्यूनतम टेस्ट स्कोर 75 रन था जो उसने साल 1987 में वेस्टइंडीज के खिलाफ दिल्ली के फिरोज शाह कोटला मैदान में बनाया था।
टीम के 46 रन पर ढेर होने से हूं दुखी
टीम के गेंदबाजी के दौरान बल्लेबाजी के लिए विपरीत परिस्थितियों में टीम के 46 रन के स्कोर पर ढेर होने के बाद कहा, 'बतौर कप्तान 46 रन का स्कोर देखकर दुखी हूं क्योंकि पहले बल्लेबाजी का फैसला मेरा था । लेकिन साल में एक या दो खराब फैसले चलते हैं।'
पिच को पढ़ने में हुई चूक
रोहित शर्मा ने कहा, पिच में तेज गेंदबाजों के लिए मदद थी। हमें लगा कि पिच तेज गेंदबाजों को मदद नहीं करेगी इसी वजह से हम तीन स्पिनर्स के साथ मैदान में उतरे। पिच पर ज्यादा घास भी नहीं थी। हमें लगा कि पिच सपाट होगी। मैं पिच को सही तरीके से नहीं पढ़ सका और गलत निर्णय लिया। पिच से न्यूजीलैंड के गेंदबाजों को मदद मिली और उन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया। हम अपनी क्षमता के अनुरूप या कहें कुल मिलाकर अच्छा नहीं खेले।
विराट ने खुद किया नंबर तीन पर बल्लेबाजी का फैसला
विराट कोहली को बल्लेबाजी के लिए तीसरे नंबर पर भेजने के निर्णय पर रोहित ने कहा, हम केएल राहुल के बल्लेबाजी क्रम में ज्यादा छेड़छाड़ नहीं करना चाहते थे। उन्हें छठे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए चुना है तो उन्हें वहीं रहने दें। सरफराज के साथ भी ऐसा ही था हम उसे भी वही जगह देना चाहते थे जहां वो बल्लेबाजी करते हैं। ऐसे में विराट कोहली ने खुद तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी का फैसला किया।
