क्रिकेट

Purple Cap Leaderboard: शार्दुल को पीछे छोड़ पर्पल कैप होल्डर बने अफगानिस्तान के स्पिन गेंदबाज

Purple Cap Leaderboard: सीएसके और आरसीबी के मैच के बाद पर्पल कैप की रेस में बड़ा बदलाव हुआ है। केवल 6 ओवर की गेंदबाजी कर पर्पल कैप अपने नाम करने वाले लखनऊ सुपर जायंट्स के शार्दुल ठाकुर अब दूसरे नंबर पर खिसक गए हैं। टॉप पर कौन हैं आइए देखें पूरी लिस्ट।

Image

शार्दुल ठाकुर (साभार-X)

Purple Cap Leaderboard: शुक्रवार को आरसीबी बनाम सीएसके के बीच मैच के बाद आईपीएल 2025 के पर्पल कैप लीडरबोर्ड में बड़ा बदलाव हुआ है। केवल 6 ओवर डालकर पर्पल कैप अपने नाम करने वाले शार्दुल ठाकुर अब पीछे छूट गए हैं। दरअसल चेपॉक के मैदान पर शुक्रवार को 17 साल बाद चेन्नई सुपर किंग्स को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के हाथों हार का सामना करना पड़ा। आरसीबी से मिली करारी हार के बावजूद सीएसके के लिए खेल रहे अफगानी मूल के क्रिकेटर नूर अहमद चमक उठे।

नूर अहमद ने चार ओवर में 36 रन देकर तीन विकेट लिए और इसके साथ ही वह टूर्नामेंट में पर्पल कैप की रेस में सबसे आगे निकल गए। टूर्नामेंट में नूर अहमद ने कुल दो मैच खेले हैं और उनके नाम 7 विकेट हैं। आरसीबी के खिलाफ उतरने से पहले उनके खाते में चार विकेट थे और वह पर्पल कैप की रेस में दूसरे नंबर पर थे। आरसीबी के खिलाफ नूर ने अच्छी गेंदबाजी की और महज 36 रन खर्च कर तीन कीमती विकेट अपने नाम किए।

पर्पल कैप की रेस में पीछे छूटे शार्दुल

नूर अहमद के बाद पर्पल कैप की रेस में लखनऊ सुपर जायंट्स के ऑलराउंडर शार्दुल ठाकुर दूसरे नंबर पर खिसक गए हैं। शार्दुल ठाकुर के बाद तीसरे नंबर पर आरसीबी के गेंदबाज जोश हेजलवुड हैं, जिनके नाम दो मैच में 5 विकेट हैं। चौथे नंबर पर सीएसके के खलील अहमद हैं, जिनके नाम दो मैच में चार विकेट हैं।

खिलाड़ी का नाम टीम मैच खेले विकेट औसत रन
नूर अहमद चेन्नई सुपर किंग्स 2 7 7.71 54
शार्दुल ठाकुर लखनऊ सुपर जायंट्स 2 6 8.83 53
जोश हेजलवुड रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर 2 4 7.00 28
खलील अहमद दिल्ली कैपिटल्स 2 4 14.25 57
क्रुणाल पांड्या रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर 2 3 9.67 29

मैच की बात करें तो चेपॉक के मैदान पर आईपीएल 2025 का 8वां मुकाबला आरसीबी और सीएसके के बीच खेला गया। सीएसके के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला लिया। आरसीबी ने पहले बैटिंग करते हुए चेन्नई के सामने 197 रन का लक्ष्य दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई की टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और सीएसके 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 146 रन ही बना सकी। इस तरह आरसीबी ने सीएसके को 50 रनों से बड़ी मात दी। आरसीबी की इस मैदान पर यह दूसरी जीत थी।

सीएसके के लिए विकेटकीपर बल्लेबाज और पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने आखिरी ओवर में दो गगनचुंबी छक्के और एक चौका भी जड़ा। लेकिन, धोनी के ये दमदार हिट्स टीम को जिताने के लिए काफी नहीं थे। धोनी क्रीज पर तब आए जब मैच सीएसके से बहुत दूर जा चुका था। धोनी ने 16 गेंद में 30 रनों की पारी खेली और अपनी बल्लेबाजी से दर्शक दीर्घा में बैठे फैंस का मनोरंजन किया।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article