क्रिकेट

IPL 2024: पीबीकेएस और आरआर मुकाबला

आज (13 April 2024) आईपीएल के 17वें संस्करण में पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच मैच खेला जाएगा। इस मुकाबले का आयोजन मुल्लांपुर के महाराजा यादविंद्र सिंह क्रिकेट स्टेडियम में होगा।

Image

पंजाब किंग्स-राजस्थान रॉयल्स पिच रिपोर्ट

KEY HIGHLIGHTS
  • आईपीएल 2024 में आज पंजाब-राजस्थान का मैच
  • पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच रोमांचक मुकाबला
  • मैच का आयोजन मुल्लांपुर के नए स्टेडियम में होगा

इंडियन प्रीमियर लीग 2024 में आज का मैच पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल्स टीमों के बीच खेला जाना है। ये मुकाबला आज शाम 7.30 बजे से पंजाब के मुल्लांपुर में स्थित महाराजा यादविंद्र अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में होगा। एक तरफ है राजस्थान रॉयल्स की टीम जो इस आईपीएल सीजन में शानदार प्रदर्शन के बाद शीर्ष टीम बनी हुई है, वहीं पंजाब किंग्स की टीम आठवें पायदान पर है। आज होने वाले मुकाबले में मेजबान पंजाब किंग्स टीम की कमान सैम करन (Sam Curran) के हाथों में होगी क्योंकि शिखर धवन चोट के कारण मैदान में नहीं आए, जबकि राजस्थान रॉयल्स की अगुवाई करेंगे भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन (Sanju Samson) जो इस समय शानदार लय में भी हैं।

आज पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच होने वाले मुकाबले से पहले आइए जान लेते हैं मौजूदा आईपीएल सीजन में इन दोनों टीमों का ट्रैक रिकॉर्ड कैसा रहा है। अब तक पंजाब किंग्स की टीम ने इस सीजन में 5 मुकाबले खेले हैं जिसमें वे सिर्फ 2 मैच जीतने में सफल हुए हैं और 3 मैच गंवाए हैं। इसके साथ ही वो 4 अंकों के साथ अंक तालिका (IPL 2024 Points Table) में 8वें नंबर पर हैं। जबकि राजस्थान रॉयल्स की टीम धमाकेदार टी20 क्रिकेट खेलने के बाद 5 मैचों में 4 जीत और 1 हार के साथ 8 अंक लेकर अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर है। हालांकि लगातार चार जीत के बाद राजस्थान रॉयल्स की टीम ने अपना पिछला मुकाबला गुजरात टाइटंस के खिलाफ गंवा दिया था। अब आपको बताते हैं कि जब आज पंजाब और राजस्थान की टीमें आमने-सामने होंगी तो पिच रिपोर्ट कैसी होगी और आज कैसा होगा मुल्लांपुर के मौसम का हाल।

आईपीएल 2024 में पंजाब और राजस्थान की टीमों के बीच आज होने वाला मुकाबला पंजाब के मुल्लांपुर में महाराजा यादविंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में होगा। यहां की पिच की बात करें तो अब तक ये विकेट काफी तेज नजर आई है और इसमें उछाल भी काफी है। ये बेशक आईपीएल टूर्नामेंट से जुड़ा एक नया क्रिकेट ग्राउंड है लेकिन यहां भी बल्लेबाजों ने अपना दबदबा कायम कर लिया है। यहां हुए पिछले दो मैच तो इसी बात की गवाही देते हैं। यहां दिल्ली-पंजाब के बीच हुए पहले मैच में पंजाब ने दिल्ली द्वारा दिए गए 175 रनों का टारगेट को हासिल करके 4 विकेट से जीत हासिल की। वहीं दूसरे मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने पंजाब किंग्स को 183 रनों का विशाल लक्ष्य दे दिया लेकिन पंजाब के बल्लेबाज रोमांचक मैच के अंत में सिर्फ 2 रन से चूक गए। कुल मिलाकर इस पिच पर आज फिर बल्लेबाजों का जलवा फिर देखने को मिल सकता है। इसके अलावा तेज गेंदबाजों को भी यहां खूब विकेट मिल सकते हैं।

पंजाब में मोहाली के करीब मौजूदा मुल्लांपुर में आज पंजाब-राजस्थान मैच होना है, तो यहां के मौसम की चर्चा भी कर लेते हैं। मुल्लांपुर में आज दिन में थोड़ी देर धूप निकल सकती है लेकिन अधिकतर समय यहां बादल छाए रहने का अनुमान है। इसके साथ ही 10 प्रतिशत बारिश होने का भी अनुमान जताया गया है। उम्मीद यही कर सकते हैं कि इतनी बारिश ना हो कि मैच में ज्यादा देर के लिए बाधा आए। यहां उमस इतनी नहीं होगी कि गेंदबाजों और फील्डरों को परेशानी हो। तापमान की बात करें तो मुल्लांपुर में आज अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेंटीग्रेड तक जा सकता है, वहीं न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेंटीग्रेड तक रह सकता है।

पंजाब किंग्स टीम: सैम करन (कप्तान), मैथ्यू शॉर्ट, प्रभसिमरन सिंह, जितेश शर्मा, सिकंदर रजा, ऋषि धवन, लियाम लिविंगस्टोन, अथर्व टाइडे, हरप्रीत भाटिया , विद्वथ कावेरप्पा, शिवम सिंह, हर्षल पटेल, क्रिस वोक्स, आशुतोष शर्मा, विश्वनाथ प्रताप सिंह, शशांक सिंह, तनय त्यागराजन, प्रिंस चौधरी, राइली रूसो, अर्शदीप सिंह, नाथन एलिस, शिखर धवन, कैगिसो रबाडा, हरप्रीत बरार और राहुल चाहर।

राजस्थान रॉयल्स टीम: संजू सैमसन (कप्तान), आबिद मुश्ताक, अवेश खान, ध्रुव जुरेल, डोनोवन फरेरा, जोस बटलर, रविचंद्रन अश्विन, रियान पराग, संदीप शर्मा, शिमरोन हेटमायर, शुभम दुबे, रोवमैन पॉवेल, टॉम कोहलर-कैडमोर, ट्रेंट बोल्ट, यशस्वी जायसवाल, युजवेंद्र चहल और तनुष कोटियान, कुलदीप सेन, कुणाल सिंह राठौड़, नंद्रे बर्गर और नवदीप सैनी।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article