लखनऊ: चोट से उबरकर आईपीएल 2024 में लखनऊ के खिलाफ मुकाबले में वापसी करते हुए कुलदीप यादव ने इकाना स्टेडियम में अपनी फिरकी से कहर बरपा दिया। कुलदीप ने अपने पहले स्पेल के पहले दो ओवर में तीन विकेट चटकाकर मैच का रुख ही पलट दिया। कुलदीप ने मार्कस स्टोइनिस, निकोलस पूरन और केएल राहुल जैसी बड़ी मछलियों को अपने जाल में फंसाया और लखनऊ की टीम को बैकफुट पर धकेल दिया।
पहले ओवर में किए दो शिकार, पूरन को नहीं लगी हवा
ऋषभ पंत कुलदीप के हाथ में गेंद पारी के आठवें ओवर में थमाई। तबतक लखनऊ ने 7 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 64 रन बना लिए थे। ऐसे में कुलदीप ने सधे हुए अंदाज में शुरुआत की और पहले दो गेंद पर दो रन दिए। इसके बाद तीसरी गेंद पर स्टोइनिस गच्चा खा गए। उन्होंने स्वीप शॉट खेला और इशांत शर्मा के हाथों लपके गए। स्टोइनिस ने 8(10) रन बनाए। इसके बाद अगली गेंद पर बल्लेबाजी करने आए निकोलस पूरन को बोल्ड करके लगातार दूसरा झटका दे दिया। पूरन कुलदीप की गुगली को समझ नहीं पाए और खाता खोले बगैर पवेलियन लौट गए। अपने पहले ओवर में कुलदीप ने 3 रन देकर 2 विकेट चटकाए।
दूसरे ओवर में केएल राहुल को फंसाया
इसके बाद 10वें ओवर में कुलदीप फिर से गेंदबाजी करने आए। इस बार उन्होंने तीसरी गेंद पर लखनऊ के कप्तान केएल राहुल को फंसा दिया। गेंद को कच करने की कोशिश में राहुल विकेट के पीछे ऋषभ पंत के हाथों लपके गए। हालांकि फील्ड अंपायर उन्हें नॉटआउट करार दिया था लेकिन रिव्यू में फैसला बदल गया और राहुल 22 गेंद में 39 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। कुलदीप ने अपने स्पेल के पहले दो ओवर में 7 रन देकर 3 विकेट चटकाए और मैच का रुख पूरी तरह दिल्ली के पाले में कर दिया। कुलदीप ने 4 ओवर में 20 रन देकर 4 विकेट अपने नाम किए।
