क्रिकेट

IPL 2023, PBKS vs MI Pitch Report, Weather: पंजाब-मुंबई मुकाबले की पिच रिपोर्ट और मौसम की स्थिति, यहां पर पढ़िए

  • Authored by: शिवम अवस्थी
  • Updated May 3, 2023, 06:13 PM IST

IPL 2023, PBKS vs MI Pitch Report and Weather Forecast Today Match: आईपीएल 2023 में आज (3 May 2023) का दूसरा मुकाबला शाम 7.30 बजे से खेला जाएगा। इस मैच में पंजाब किंग्स की टक्कर पांच बार की आईपीएल चैंपियन मुंबई इंडियंस से होगी। ये मुकाबला पंजाब किंग्स के होम ग्राउंड मोहाली में खेला जाएगा। जानिए कैसी होगी यहां की पिच रिपोर्ट और मौसम की स्थिति।

Image

पंजाब किंग्स बनाम मुंबई इंडियंस पिच रिपोर्ट

KEY HIGHLIGHTS
  • आज आईपीएल 2023 का दूसरा मुकाबला
  • पंजाब किंग्स की भिड़ंत मुंबई इंडियंस से होगी
  • मैच पंजाब के होम ग्राउंड मोहाली में होगा

IPL 2023, PBKS vs MI Pitch Report Today Match and Weather Forecast: आज आईपीएल 2023 में दिन (बुधवार) का दूसरा मुकाबला पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच खेला जाना है। इंडियन प्रीमियर लीग के 16वें संस्करण का ये 46वां मुकाबला होगा। एक तरफ होगी पंजाब किंग्स की टीम जिसके कप्तान शिखर धवन फिर से फिट होकर टीम की कमान संभालने मैदान पर उतर चुके हैं। जबकि दूसरी तरफ होंगे मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा जो लंबे समय तक टीम इंडिया में शिखर धवन के साथ ओपनिंग कर चुके हैं और दोनों काफी अच्छे दोस्त रहे हैं। देखना दिलचस्प होगा कि भारत की इस पूर्व ओपनिंग जोड़ी के धुरंधरों की टक्कर कैसी रहेगी।

पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस की टीमें अंक तालिका में पिछले कुछ समय से एक दूसरे के ऊपर-नीचे हैं। पंजाब किंग्स ने अब तक आईपीएल 2023 में 9 मैच खेले हैं जिसमें उन्होंने 5 मैच जीते हैं और 4 मैच गंवाए हैं, उनके 10 अंक हैं। वहीं दूसरी तरफ सर्वाधिक बार आईपीएल खिताब जीतने वाली मुंबई इंडियंस की टीम ने 8 मैचों में 4 मुकाबले जीते हैं जबकि 4 मैच उन्होंने गंवाए हैं, इस समय उनके 8 अंक हैं। पंजाब किंग्स ने अपने पिछले मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स को 4 विकेट से मात दी थी। जबकि मुंबई इंडियंस ने अपने पिछले मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स को 6 विकेट से रोमांचक टक्कर में शिकस्त दी थी। अब आज का मुकाबला पंजाब के घर मोहाली में होगा, आइए जानते हैं कि कैसी होगी यहां की पिच और मौसम का हाल।

कैसी होगी पंजाब-मुंबई मैच की पिच रिपोर्ट? (PBKS vs MI Pitch Report)

पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच होने वाला इस सीजन का 46वां मैच मोहाली के पीसीए आईएस बिंद्रा स्टेडियम में खेला जाना है। अब तक मौजूदा आईपीएल सीजन में यहां चार मैच खेले गए हैं और बल्लेबाजों के लिए यहां की पिच अब फायदेमंद साबित होती नजर आ रही है। खासतौर पर यहां खेले गए पिछले मैच में तो ऐसी रनों की बौछार हुई जिसने कई रिकॉर्ड्स तोड़ डाले। पंजाब और लखनऊ के बीच हुए उस मुकाबले में लखनऊ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट के नुकसान पर 257 रनों का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया था। जवाब में उतरी पंजाब की टीम ने भी कड़ी टक्कर दी लेकिन 19.5 ओवर में उनकी टीम 201 रन बनाकर सिमट गई। अब तक यहां खेले गए चार मुकाबलों में तीन मुकाबलों में पहले बल्लेबाजी करने वाली टीमें ही जीती हैं, ऐसे में ये साफ लग रहा है कि टॉस जीतने वाली टीम पहले बल्लेबाजी करना पसंद करेगी।

आज कैसा रहेगा मोहाली का मौसम? (Mohali Weather Today)

आज का मुकाबला पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच मोहाली में खेला जाना है, तो आइए यहां के मौसम की बात भी कर लें। उत्तर भारत में इस समय कई हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है और मोहाली में भी यही हाल है। मंगलवार को यहां कुछ बौछारें देखने को मिली हैं और आज मैच के दिन यहां बारिश की पूरी उम्मीद जताई जा रही है। मैच कुछ ओवरों का हो पाएगा, या फिर पूरा मैच बारिश से धुल जाएगा, ये तो मौसम की करवट देखकर ही पता चलेगा। फिलहाल फैंस यही उम्मीद कर रहे होंगे कि बादल कुछ क्रिकेट होने दें। मोहाली के तापमान की बात करें तो आज यहां अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेंटीग्रेड तक रहेगा जबकि न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेंटीग्रेड तक गिर सकता है। मुकाबला शाम को है इसलिए खिलाड़ियों को थोड़ी ठंडक महसूस होगी लेकिन उमस काफी रहने वाली है।
शिवम अवस्थी
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article