सोमवार को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ मैच में फील्डिंग के दौरान घायल हुए केएल राहुल को लेकर लखनऊ सुपर जायंट्स ने एक अपडेट जारी किया है। लखनऊ सुपर जायंट्स ने ट्वीट कर जानकारी देते हुए लिखा है कि बुधवार को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ होने वाले मैच में वह टीम का हिस्सा नहीं होंगे।
लखनऊ की तरफ से जारी प्रेस रिलीज में कहा गया है कि उन्हें रिकवरी के लिए फ्रैंचाइजी की तरफ से बेस्ट ट्रीटमेंट मुहैया कराया जाएगा। इसके अलावा रिलीज में उनके इंजरी से संबंधित आगे की जानकारी भी साझा करने की बात कही गई है।
हम अपनी और फैंस की तरफ से उनके जल्द ठीक होने की कामना करते हैं। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो जयदेव उनादकट के साथ-साथ केएल राहुल भी आईपीएल के बाकी बचे मैचों से बाहर हो गए हैं। हालांकि इस बात की अब तक कोई आधिकारिक पुष्ठि नहीं की गई है।
बीसीसीआई के सूत्रों के हवाले से पीटीआई को यह जानकारी दी गई है। इसमें कहा गया है कि 'केएल फिलहाल लखनऊ में टीम के साथ हैं लेकिन वह बुधवार को सीएसके के खिलाफ मैच देखने के बाद गुरुवार को कैंप छोड़ रहे हैं। उनका स्कैन मुंबई में बीसीसीआई द्वारा नामित चिकित्सा सुविधा में किया जाएगा। केएल राहुल के इंजरी को लेकर यह भी जानकारी सामने आ रही है कि अभी तक उनका कोई स्कैन नहीं किया जा सका है। दरअसल इस तरह की चोट जब लगती है तो चोट के आस-पास स्वैलिंग हो जाती है और जब तक यह खत्म न हो इसका स्कैन नहीं कराया जा सकता है।
केएल राहुल की इंजरी के बारे में कहा गया है कि वह वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के लिए टीम इंडिया का हिस्सा हैं। इसलिए इस बात का ध्यान रखा जाएगा कि उनकी यह चोट ज्यादा गंभीर न हो। एक बार जब स्कैन हो जाएगा तब बीसीसीआई उनके चोट को लेकर आगे निर्णय लेगी।
