क्रिकेट

DC vs KKR: नीतीश राणा ने अपने ऊपर ली दिल्ली कैपिटलस के खिलाफ हार की जिम्मेदारी, बताया कहां हुई केकेआर से चूक?

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Apr 21, 2023, 07:00 AM IST

Nitish Rana ka Bayan: कोलकाता नाइट राइडर्स की दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 4 विकेट अंतर से करीबी हार की जिम्मेदारी केकेआर के कप्तान नीतीश राणा ने खुद पर ली है। उन्होंने गेंदबाजों की तारीफ करते हुए बताया है कि उनकी टीम से कहां चूक हो गई।

Image

नीतीश राणा(साभार IPL/BCCI)

दिल्ली: नीतीश राणा की कप्तानी में खेल रही कोलकाता नाइट राइडर्स को गुरुवार को अरुण जेटली स्टेडियम में मेजबान दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 4 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। दिल्ली ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए कोलकाता को 20 ओवर में 127 रन पर ढेर कर दिया। इसके बाद जीत के लिए मिले 128 रन के लक्ष्य को 4 गेंद और चार विकेट शेष रहते हासिल कर लिया। हालांकि दिल्ली की टीम एक बार फिर लक्ष्य का पीछा करते हुए लड़खड़ा गई थी लेकिन अक्षर पटेल ने सधे हुए अंदाज में मोर्चा संभालते हुए टीम को सीजन में पहली बार जीत की दहलीज पार करा दी। ऐसे में कोलकाता को लगातार तीसरे मुकाबले में हार का मुंह देखना पड़ा।

मैं लेता हूं हार की जिम्मेदारी

केकेआर की हार की हैट्रिक बाद कप्तान नीतीश राणा ने बल्लेबाजों पर हार का ठीकरा फोड़कर हार की जिम्मेदारी अपने ऊपर लेते हुए कहा, हमने बल्लेबाजी के दौरान 15 -20 रन कम बनाए। विकेट मुश्किल था और हम ज्यादा बड़ा स्कोर खड़ा करने के बारे में सोच भी नहीं रहे थे। मैं अपनी जिम्मेदारी लेता हूं कि मुझे पिच पर खड़ा होना चाहिए था थोड़ी बैटिंग करनी चाहिए थी क्योंकि उस टाइम पर मेरा विकेट अहम था।

गेंदबाजों को मिलना चाहिए अंत तक लड़ने का श्रेय

राणा ने आगे कहा, हमारे गेंदबाजों को भी अच्छी गेंदबाजी का श्रेय मिलना चाहिए। इतने कम स्कोर में भी अगर हम लड़ सकते हैं तो आने वाले मैच हमारे लिए अच्छे हो सकते हैं। हमारी प्लानिंग ब्रेक के दौरान यही थी कि हम मैच को कितना डीप ले जाएं और उनकी जीत को कितना टाल कर सकते हैं। जितना टालेंगे उससे फायदा है क्योंकि आपको नहीं पता कि क्या हो, क्योंकि विकेट आइडल तो है नहीं, मुझे लगता है थोड़े 10-15 रन और होते थे। लेकिन उन्होंने पॉवरप्ले में जैसी बल्लेबाजी की उसका श्रेय उन्हें भी देना पड़ेगा क्योंकि पॉवरप्ले में लगभग मैच खत्म हो गया था लेकिन उसके बाद हमने जितनी अच्छी गेंदबाजी की उससे वापसी जरूर हुई लेकिन लेकिन जीत के लिए हमारा स्कोर नाकाफी साबित हुआ।

हमें टीम के रूप में करना होगा अच्छा प्रदर्शन

कौन से क्षेत्र में सुधार करने की जरूरत है? इसके जवाब में नीतीश राणा ने कहा, हमें टीम के रूप में अच्छा करने की जरूरत है। ऐसा नहीं है कि केवल अच्छी बैटिंग करने से या केवल बॉलिंग करने से सब कुछ ठीक हो जाएगा। हमने शुरुआती दो-तीन मैचों में अच्छी गेंदबाजी नहीं कि लेकिन जिस तरह की बॉलिंग अब की है, जैसी पिच थी उस लिहाज से हमने गेंदबाजी में जो किया है वो अच्छा है लेकिन हम मैच अपने नाम नहीं कर पा रहे हैं। ये थोड़ी थोड़ी चीजें ठीक होने लगेंगी तो बहुत जल्दी हम मैच जीतना शुरू कर देंगे। ऐसे विकेट पर और कम स्कोर पर हम अगर चुनौती दे पा रहे हैं इसका मतलब हम अच्छी क्रिकेट तो खेल ही रहे हैं।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article