हरमनप्रीत कौर के कप्तानी छोड़ने के कुछ घंटे बाद ही स्मृति मंधाना को टीम की कमान सौंप दी गई। कप्तान के तौर पर मंधाना की पहली अग्रिपरीक्षा जिम्बाब्वे के खिलाफ होगी। जिम्बाब्वे के खिलाफ इस घरेलू सीरीज का आगाज 16 अक्टूबर से होने जा रहा है। पहले 3 मैच की टी20 सीरीज और फिर इतने ही मैच की वनडे सीरीज खेली जाएगी। इसके लिए बीसीसीआई की महिला चयन समिति ने टी20 और वनडे टीम का ऐलान कर दिया है। टी20 और वनडे टीम में उप-कप्तान के तौर पर अलग-अलग लोगों को जिम्मेदारी दी गई है। टी20 में इसकी जिम्मेदारी शेफाली वर्मा को दी गई है जबकि वनडे में दीप्ति शर्मा टीम की उप-कप्तान हैं। टी20 और वनडे टीम के लिए विकेटकीपर का विकल्प भी अलग-अलग है। टी20 में ऋचा घोष का साथ देने के लिए जी कमलिनी को चुना गया है जबकि वनडे टीम में यह जिम्मेदारी यास्तिका भाटिया को दी गई है।
भारत की टी20 टीम (साभार-X)
भारत-जिम्बाब्वे टी20 सीरीज रायपुर में खेली जाएगी, जबकि वनडे सीरीज वड़ोदरा में होगी। टी20 मुकाबला रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह क्रिकेट स्टेडियम जबकि वनडे वीसीए स्टेडियम कोटांबी में खेला जाएगा।
T20I-ODI के लिए अलग-अलग उप-कप्तान
ये जो टीम चुनी गई है, उसमें कई संकेत मिलते हैं। टी20 और वनडे टीम के लिए अलग-अलग उप-कप्तान बनाए गए हैं। टी20 में जहां शेफाली वर्मा को इसकी जिम्मेदारी दी गई है तो वहीं वनडे टीम में दीप्ति शर्मा को उप-कप्तान बनाया गया है।
भारत की टी20 टीम : स्मृति मंधाना [कप्तान], शेफाली वर्मा [उप-कप्तान], निकी प्रसाद, हरमनप्रीत कौर, अनुष्का शर्मा, ऋचा घोष [विकेटकीपर], जी कमलिनी [विकेटकीपर], दीप्ति शर्मा, प्रेमा रावत, श्री चरणी, नंदनी शर्मा, क्रांति गौड़, अरुंधति रेड्डी, जिन्तिमणि कलिता, मिन्नू मणि
भारत की वनडे टीम : स्मृति मंधाना [कप्तान], शेफाली वर्मा, प्रतिका रावल, हरमनप्रीत कौर, हरलीन देयोल, तेजल हसब्निस, दीप्ति शर्मा [उप-कप्तान], ऋचा घोष [विकेटकीपर], यास्तिका भाटिया [विकेटकीपर], वैष्णवी शर्मा, नंदनी शर्मा, श्री चरणी, क्रांति गौड़, सयाली सतघरे, रेणुका ठाकुर।
