
India vs New Zealand Warm-up T20 Match Highlights: बारिश के कारण भारत-न्यूजीलैंड मैच हुआ रद्द
India vs New Zealand, IND vs NZ Warm-up Match Highlights: भारत और न्यूजीलैंड के बीच बुधवार को ब्रिस्बेन के गाबा मैदान में होने वाला मुकाबला बिना एक भी गेंद फेंके रद्द हो गया। दोनों टीमों के लिए बारिश खलनायक बनी और इस मुकाबले का टॉस भी नहीं हो सका। ध्यान दिला दें कि गाबा मैदान पर एक अन्य मैच अफगानिस्तान बनाम पाकिस्तान भी बारिश के कारण ही रद्द हुआ था। हालांकि, अफगानिस्तान की टीम को पूरी बल्लेबाजी करने का मौका मिला था और उसने 20 ओवर में 154/6 का स्कोर बनाया था। जवाब में पाकिस्तान ने 2.2 ओवर में 19/0 रन बनाए, लेकिन तब बारिश आ गई और यह मैच भी रद्द हो गया। बहरहाल, भारतीय टीम 23 अक्टूबर को चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ अपने अभियान की शुरूआत करेगी। भारत ने अपने पहले अभ्यास मैच में गत चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को 6 रन से हराया था। वहीं न्यूजीलैंड अपने अभियान की शुरूआत 22 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ करेगी। न्यूजीलैंड को अपने पहले अभ्यास मैच में दक्षिण अफ्रीका के हाथों 9 विकेट की शिकस्त झेलनी पड़ी थी। देखना दिलचस्प होगा कि खिताब की दौड़ में बने रहने के लिए टीमें सुपर-12 राउंड में कैसा प्रदर्शन करेंगी।