क्रिकेट

IND vs SL: दूसरे मुकाबले से पहले अक्षर पटेल ने सूर्या को लेकर ये क्या कह दिया

IND vs SL, Akshar Patel Statement: भारत और श्रीलंका के बीच तीन टी20 मैचों की सीरीज का दूसरा मुकाबला आज (28 जुलाई 2024) को खेला जाएगा। सीरीज के पहले मुकाबले में टीम इंडिया ने मेजबान श्रीलंका को 43 रन से हराया और सीरीज में 1-0 से बढ़त हासिल की। वहीं, ऑलराउंडर अक्षर पटेल ने नए कप्तान सूर्यकुमार यादव को लेकर ये क्या कह दिया।

Image

अक्षर पटेल। (फोटो- Akshar Patel X)

Photo : Twitter

IND vs SL, Akshar Patel Statement: भारतीय ऑलराउंडर अक्षर पटेल ने कहा कि टी20 टीम के नव नियुक्त कप्तान सूर्यकुमार यादव गेंदबाजों के कप्तान हैं क्योंकि वह उन्हें अपनी रणनीति के अनुसार चलने की स्वतंत्रता प्रदान करते हैं। अक्षर ने इसके साथ ही कहा कि श्रीलंका के खिलाफ वर्तमान सीरीज में भारतीय टीम बल्लेबाजी में अधिकतम संयोजन आजमाने की कोशिश करेगी। सूर्यकुमार की अगुवाई में भारत ने श्रीलंका के खिलाफ शनिवार को पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में 43 रन से जीत दर्ज करके शानदार शुरुआत की।

अक्षर ने मैच के बाद संवाददाताओं से कहा,‘‘ मैं ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पिछली श्रृंखला में सूर्या भाई (कप्तान) के साथ खेला था। मैं जानता था कि वह गेंदबाजों के कप्तान हैं। वह आपको अपनी रणनीति पर अमल करने की पूरी छूट देते हैं।’’ उन्होंने कहा,‘‘जब भी आपकी गेंद पर शॉट लगता है तो वह आपके पास आकर कहते हैं कि यह अच्छी गेंद थी। वह आपको सलाह देते रहते हैं। एक खिलाड़ी के रूप में मेरे उनके साथ अच्छे संबंध हैं।’’ अक्षर पिछले साल ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 5 मैच की टी20 श्रृंखला में भी सूर्यकुमार की कप्तानी में खेले थे। भारत ने यह सीरीज 4-1 से जीती थी।

उन्होंने कहा,‘‘मैं ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 5 मैच की श्रृंखला में भी उनकी कप्तानी में खेला था और इसलिए आज जब मैं खेल रहा था तो मुझे ज्यादा अंतर महसूस नहीं हुआ। वह हमेशा गेंदबाजों का हौसला बढ़ाते रहते हैं ।’ भारत ने टी20 विश्व कप में ऋषभ पंत को तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए भेजा था लेकिन श्रीलंका के खिलाफ पहले मैच में वह सूर्यकुमार के बाद चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे। अक्षर ने कहा कि बल्लेबाजी क्रम इस तरह से तैयार किया गया था जिससे टीम दाएं हाथ और बाएं हाथ के बल्लेबाजों के संयोजन का अधिकतम उपयोग कर सके।

उन्होंने कहा,‘‘ हमारे टीम में बाएं हाथ से चार और दाएं हाथ के भी चार बल्लेबाज हैं। अगर क्रीज पर बाएं और दाएं हाथ के बल्लेबाज का संयोजन रहता है तो फिर गेंदबाजों के लिए अपनी लाइन और लेंथ बनाए रखना मुश्किल होता है।’’ अक्षर ने कहा,‘‘अगर आपके पास विकल्प हैं तो फिर उनका उपयोग क्यों नहीं किया जाए। आप विरोधी टीम के गेंदबाजी विकल्पों के आधार पर भी बल्लेबाजी क्रम में बदलाव कर सकते हैं।’’ अक्षर ने कहा कि मुख्य कोच गौतम गंभीर की अगुवाई में नए कोचिंग स्टाफ के आने से बहुत बदलाव नहीं होगा। उन्होंने कहा,‘‘मैं 10 साल से खेल रहा हूं। मैं विभिन्न कोच और कप्तान के रहते हुए खेला हूं । मुझे नहीं लगता की टीम में बहुत अधिक बदलाव होगा।’’

(भाषा)

Shekhar Jha
शेखर झाauthor

शेखर झा टाइम्स नाउ हिंदी (Timesnowhindi.com) की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। वे मूल रूप से बिहार के मिथिलांचल से हैं। मूल रूप से बिहार के मधुबनी के रहने वाले शेखर ने शौकिया तौर पर साल 2011 में पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा। ये शौक वक्त के साथ जूनुन में बदल गया। उनके पास खेल पत्रकारिता का 12 साल का अनुभव है। क्रिकेट के अलावा टेनिस, कबड्डी और बैडमिंटन में खास रुचि है। खिलाड़ियों की बायोग्राफी पढ़ना उन्हें पसंद हैं। शेखर ने सुरेश रैना, संजय बांगड़, दीप्ति शर्मा, राधा यादव जैसे नामचीन भारतीय क्रिकेटरों सहित बैडमिंटन के स्टार भारतीय खिलाड़ियों लक्ष्य सेन, सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं। शेखर की प्रारंभिक शिक्षा बिहार में हुई। बिहार बोर्ड से 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद वो आगे की पढ़ाई के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे जहां उनका पत्रकारिता से पहला परिचय हुआ। रायपुर के अग्रसेन कॉलेज में ग्रेजुएशन करते हुए पत्रकारिता का काम शुरू किया और इसके बाद रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्धालय से पत्राकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन किया और बतौर प्रोफेशनल अपने करियर की शुरुआत की। शेखर ने पत्रकारिता करियर की शुरुआत साल 2011 में ईटीवी छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश के साथ की। इस संस्थान में 6 महीने काम करने के बाद उन्होंने स्थानीय अखबार नेशनल लुक के साथ प्रिंट मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका समूह के छत्तीसगढ़ संस्करण से जुड़े और वहां तीन साल तक बतौर सब-एडिटर/रिपोर्टर सेवाएं दीं। इसके बाद भारत के सबसे बड़े प्रिंट मीडिया समूह दैनिक भास्कर के डीबी स्टार में रिपोर्टर की भूमिका अदा की और कई बड़े खुलासे स्थानीय स्तर पर किए। इसके बाद अपमे गृह राज्य बिहार की राजधानी पटना में दैनिक जागरण समूह के आईनेक्स्ट वेंचर से जुड़े। 8 महीने के छोटे कार्यकाल के बाद दैनिक भास्कर के रायपुर संस्करण में बतौर रिपोर्टर वापसी हुई। रायपुर में दूसरी पारी के तीन साल के कार्यकाल के सफल निर्वहन के बाद मैनेजमेंट ने भास्कर के भोपाल स्थित नेशनल न्यूजरूम में ट्रांसफर कर दिया। जहां 17 महीने स्पोर्ट्स डेस्क पर बड़े इवेंट्स पर काम किया। इस दौरान इंडियन प्रीमियर लीग, टोक्यो ओलंपिक जैसे बड़े खेल आयोजन का व्यापक कवरेज किया। भास्कर के नेशनल न्यूज रूम में डिजिटल जर्नलिज्म का ककहरा सीखने के बाद फरवरी,2023 में टाइम्स ग्रुप के साथ जुड़ने का मौका मिला। तब से वह टाइम्स नाउ नवभारत की हिंदी वेबसाइट की स्पोर्ट्स डेस्क पर बतौर प्रिंसिपल कॉरस्पान्डन्ट कार्यरत हैं। इस दौरान शेखर ने इंडियन प्रीमियर लीग, आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 को कवर किया।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें