No HandShake in Asia Cup 2025 Final: भारत और पाकिस्तान के बीच आज एशिया कप 2025 का फाइनल मुकाबला दुबई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। भारत और पाकिस्तान दोनों देशों के क्रिकेट प्रेमियों को इस मुकाबले का बेसब्री से इंतजार था। पूरी दुनिया के क्रिकेट प्रेमी 41 के एशिया कप के इतिहास में दोनों देशों के बीच पहली बार होने वाली खिताबी भिड़ंत का दीदार करने को बेकरार थे। ऐसे में दोनों टीमों के कप्तान टॉस के लिए मैदान पर पहुंचे तो एक बार फिर टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा से हाथ नहीं मिलाए। ऐसा ही सूर्या ने 14 और 21 सितंबर को पाकिस्तान के खिलाफ ग्रुप और सुपर फोर राउंड में खेले गए मुकाबलों से पहले भी किया था। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने भारतीय टीम के कप्तान के इस व्यवहार पर आपत्ति जाहिर की थी और भारतीय कप्तान और आईसीसी मैच रेफरी के एंडी पायक्रॉफ्ट के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। पाकिस्तान ने टूर्नामेंट का बहिष्कार करने की भी धमकी दी थी लेकिन मसला किसी तरह सुलझ गया लेकिन भारतीय टीम और कप्तान अपने रुख पर अड़े रहे और पाकिस्तानी खिलाड़ियों से मैच से पहले और मैच के बाद हाथ नहीं मिलाया। ऐसा ही एक बार फिर फाइनल मुकाबले से पहले भी हुआ।
सूर्यकुमार यादव और सलमान अली आगा
टॉस के लिए आए दो कमेंटेटर
सबसे रोचक बात यह हुई कि टॉस के लिए पाकिस्तान की डिमांड पर दो कमेंटेटर्स को मैदान पर भेजा गया। बीसीसीआई ने रवि शास्त्री को हटाने से इनकार कर दिया था ऐसे में वकार यूनिस को भी मैदान पर पाकिस्तान की मांग पर भेजा गया। भारतीय कप्तान से टॉस के बाद बातचीत रवि शास्त्री ने की वहीं सलमान आगा से चर्चा वकार यूनिस ने की।
भारत ने जीता टॉस किया गेंदबाजी का फैसला
भारत के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया।दोनों कप्तानों ने टॉस के बाद क्या कहा
सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतने के बाद कहा, 'हम पहले गेंदबाजी करना चाहेंगे। पिच अच्छी दिख रही है और रात में विकेट और बेहतर हो जाता है। हाल ही में हमने पहला बल्लेबाजी करके अच्छा प्रदर्शन किया है, लेकिन आज हम रन चेज़ करना चाहेंगे। पिचों की तैयारी में ग्राउंड्समैन ने जबरदस्त काम किया है और विकेट वैसा ही रहेगा। पिछले 5-6 मैचों में जिस ब्रांड का क्रिकेट खेल रहे हैं, वो शानदार है और उसे कायम रखना चाहेंगे। दुर्भाग्य से हार्दिक चोट के कारण नहीं खेल पाएंगे। बुमराह, दुबे और रिंकू टीम में वापस लौटे हैं।'
वहीं सलमान आगा ने फाइनल मैच के टॉस गंवाने के बाद कहा, बिल्कुल खुश हूं कि हम पहले बल्लेबाजी करेंगे। हम सभी बहुत उत्साहित हैं और इस मुकाबले का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। हमने अब तक बिल्कुल परफेक्ट मैच नहीं खेला है, उम्मीद है आज वो खेल पाएंगे। टीम में कोई बदलाव नहीं है। इन पिचों पर हम काफी समय से खेलते आ रहे हैं, और यह विकेट भी वैसा ही खेलेगा।
क्रिकेट के लिए अच्छा नहीं है नो हैंडशेक: सलमान आगा
एशिया कप फाइनल की पूर्व संध्या पर पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा से जब नो-हैंडशेक मामले पर सवाल पूछा गया तो उन्होंने इसका जवाब देते हुए कहा,यह उनके पेशेवर क्रिकेट करियर में हुई अभूतपूर्व घटना है। मैंने ऐसा कभी देखा या सुना नहीं है। भारत-पाकिस्तान के बीच पहले भी तनाव बढ़ा लेकिन हमेशा हैंडशेक हुआ है,हैंडशेक न होना क्रिकेट के लिए अच्छा नहीं है।
फाइनल से पहले अलग-अलग हुआ फोटो शूट
एशिया कप 2025 के फाइनल मुकाबले से पहले होने वाले साझा फोटो शूट में भारतीय टीम ने शामिल होने से इनकार कर दिया। इसके बाद दोनों टीमों के कप्तानों ने मैच से पहले अलग-अलग फोटो शूट में हिस्सा लिया। भारतीय टीम ने भारत ने फाइनल से पहले प्रेस कॉन्फेंस भी नहीं की। फोटो शूट के मसले पर पूछे गए सवाल पर सलमान आगा ने कहा था, 'वो जो चाहे वो कर सकते हैं हम प्रोटोकॉल को फॉलो करेंगे। बाकी उनके हाथों में है वो आना चाहते हैं या नहीं।'
