भारतीय क्रिकेट टीम के बल्लेबाज विराट कोहली ने बांग्लादेश के खिलाफ गुरुवार (19 अक्टूबर, 2023) को हुए मुकाबले में जबरदस्त पारी खेली। उन्होंने न सिर्फ विजयी छक्के के साथ टीम इंडिया को जिताया बल्कि मैच में शानदार शतक भी लगाया। हालांकि, उनके शतक में विकेटकीपर और इंडियन बैट्समैन केएल राहुल का भी योगदान था। मगर सोशल मीडिया पर फैंस के एक धड़े ने किंग कोहली के शतक के पीछे अंपायर रिचर्ड केटलबरो का भी बड़ा रोल बताया।
हुआ यूं था कि मैच में टीम इंडिया को जीत के लिए सिर्फ दो रन चाहिए थे तब कोहली को अपने सैकड़े के लिए तीन रन चाहिए थे। बॉलिंग नासुम अहमद करा रहे थे, जिन्होंने गेंद लेग साइड में डाली थी। फिर भी अंपायर ने उसे वाइड नहीं करार दिया। विरोधी टीम इस दौरान थोड़ी हैरान नजर आई, जबकि फैंस के साथ टीम इंडिया के कुछ खिलाड़ी मुस्कुराते दिखे। सवाल भी उठे कि आखिरकार अंपायर ने उसे वाइड क्यों नहीं बताया।
सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म एक्स पर एक यूजर ने कमेंट किया- यह किसी भी दिन स्पष्ट रूप से विस्तृत होगा। यहां तक कि कोहली की प्रतिक्रिया भी यही कहती है। विराट के प्रयास के खिलाफ कुछ भी नहीं, लेकिन एक अंपायर के लिए किसी खिलाड़ी की उपलब्धि से प्रभावित होना सही नहीं है। कल यह एक विकेट के लिए हो सकता है?
वायरल वीडियो देखने के बाद अंपायर को आलोचना का सामना करना पड़ा है। वैसे, इस मसले पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं भी देखने को मिलीं। एक अन्य यूजर ने कहा- और इस पर बांग्लादेश को भी कोई आपत्ति नहीं थी...वे एक्स्ट्रा देकर अपने खाते में एक रन बढ़ाने के लिए रिव्यू कैसे कर सकते हैं...क्योंकि इससे पुष्टि हो जाएगी कि उन्होंने जानबूझकर कोहली को सेंचुरी तक पहुंचने से रोकने के लिए ऐसा किया था।
आईसीसी के नए रूल्स के अनुसार, बैट्समैन जहां होता है, वहां से गेंद जाती है और बैटर अगर जगह छोड़ देता है तब यह अंपायर पर होता है कि वह गेंद को वाइड दे या नहीं। ऐसे में बांग्लादेश के बॉलर ने जब रनअप लिया था तब विराट लेग स्टंप के बाहर खड़े थे। हालांकि, गेंद के नजदीक आते ही वह ऑफ स्टंप की दिशा में बढ़े। ऐसे में बॉल कीपर के पास चली गई थी। विराट अगर जगह न छोड़ते तो वह उनके पैड या पैर से टकरा जाती, लिहाजा अंपायर का बॉल को वाइड न देना गलत नहीं कहा जा सकता है।
