इंदौर: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेली जा रही मौजूदा बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी के मुकाबले शुरू होते ही खत्म होते जा रहे हैं। अबतक खेले गए सीरीज के तीनों टेस्ट मैच का परिणाम तकरीबन ढाई दिन में निकल गया है। सबसे रोचक बात यह है कि सीरीज के अबतक खेले गए तीनों टेस्ट में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के गेंदों के लिहाज से खेले गए छह सबसे छोटे मैचों में शुमार हैं। इसी कड़ी में आगे बढ़ते हुए इंदौर ने अपने नाम बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के सबसे छोटे मैच का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
1135 गेंद में खत्म हुआ इंदौर टेस्ट
इंदौर टेस्ट की चार पारियों में दोनों टीमें कुल मिलाकर 1135 गेंद खेल सकीं। इस दौरान कुल 31 विकेट गिरे और 547 रन बने। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम अपनी पहली पारी में 33.2 ओवर (200 गेंद) में 109 रन पर ढेर हो गई। इसके जवाब में खेलने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम ने 76.3 ओवर(459) में 197 रन बनाकर आउट हो गई। इसके बाद दोबारा बैटिंग करते हुए भारतीय टीम 60.3 ओवर (363 गेंद) में 163 रन बना सकी। इसके बाद जीत के लिए मिले 76 रन के लक्ष्य को ऑस्ट्रलिया ने 18.2 ओवर( 113 गेंद) में हासिल कर लिया।
टूटा पर्थ का 11 साल पुराना रिकॉर्ड
इंदौर टेस्ट से पहले भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी इतिहास का सबसे छोटा टेस्ट साल 2012 में पर्थ में खेला गया था। वो टेस्ट मैच 1200 गेंद के अंतराल में खत्म हो गया था। उस मैच में भारतीय टीम 161 और 171 रन बनाकर ढेर हो गई थी। ऑस्ट्रेलिया ने 369 रन बनाए थे और मैच 37 रन के अंतर से अपने नाम किया था।
1320 गेंद में खत्म हुआ था दिल्ली टेस्ट
मौजूदा सीरीज में नई दिल्ली में खेला गया टेस्ट मैच 1320 गेंद में खत्म हो गया था। यह बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी इतिहास का पांचवां सबसे छोटा टेस्ट था। भारतीय टीम ने उस मुकाबले में 6 विकेट से जीत हासिल की थी।
