क्रिकेट

IND vs AUS 3rd T20 Pitch Report, Weather: भारत-ऑस्ट्रेलिया तीसरे T20I मैच की पिच रिपोर्ट और मौसम का ताजा हाल, यहां जानिए

  • Authored by: शिवम अवस्थी
  • Updated Nov 28, 2023, 04:18 PM IST

IND vs AUS 3rd T20 Pitch Report, Barsapara Cricket Stadium and Guwahati weather forecast Today: आज (28 November 2023) भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच टी20 मैचों की अंतरराष्ट्रीय सीरीज का तीसरा मुकाबला खेला जाएगा। ये मैच गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित होगा। आइए जानते हैं इस मैच की पिच रिपोर्ट और आज कैसा रहेगा गुवाहाटी के मौसम का हाल।

Image

भारत-ऑस्ट्रेलिया तीसरे टी20 मैच की पिच रिपोर्ट

KEY HIGHLIGHTS
  • भारत-ऑस्ट्रेलिया तीसरा टी20 मुकाबला आज
  • गुवाहाटी में खेला जाएगा सीरीज का तीसरा मैच
  • बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में तीसरा टी20 होगा आयोजित

IND (India) vs AUS (Australia) 3rd T20 Pitch Report and Guwahati Weather Forecast Today Match: पांच टी20 मैचों की अंतरराष्ट्रीय सीरीज में आज भारत और ऑस्ट्रेलिया तीसरा मुकाबला खेलने उतरेंगी। ये मुकाबला गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाना है। इस सीरीज में खेले गए दूसरे टी20 मैच में भारत ने लगातार दूसरी जीत दर्ज करते हुए सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है। आज अगर टीम इंडिया जीतने में सफल रही तो उसे सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त हासिल हो जाएगी। ये मुकाबला शाम 7 बजे से शुरू होगा। टॉस आधे घंटे पहले 6.30 बजे होगा।

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले में टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए अपने शीर्ष तीन बल्लेबाजों यशस्वी जायसवाल (53), रुतुराज गायकवाड़ (58) और ईशान किशन (52) के अर्धशतकों के दम पर मजबूत मंच खड़ा किया और अंत में एक बार फिर रिंकू सिंह का बल्ला चला जिन्होंने 9 गेंदों में नाबाद 31 रनों की पारी खेलते हुए 20 ओवर 4 विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 235 रन तक पहुंचा दिया। जवाब में उतरी ऑस्ट्रेलिया की टीम 20 ओवर में 9 विकेट पर 191 रन ही बना सकी और 44 रन से मुकाबला गंवा दिया। अब बारी है तीसरे टी20 मैच की, तो अब आपको बताते हैं कि आज के मैच में कैसी रहेगी पिच और मौसम की स्थिति।

भारत-ऑस्ट्रेलिया तीसरे टी20 मैच की पिच रिपोर्ट कैसी होगी? (IND vs AUS 3rd T20 Pitch Report)

आज होने वाला भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीसरा टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच गुवाहाटी के बरसापारा स्टेडियम में होगा। इस मैदान पर अब तक सिर्फ तीन टी-20 मैचों का आयोजन हुआ जिसमें से एक मैच (भारत-श्रीलंका) का कोई नतीजा नहीं निकला था। जिन दो मैचों का नतीजा निकला, उनमें एक मैच 2017 में खेला गया था जिसमें ऑस्ट्रेलिया ने टीम इंडिया को 8 विकेट से करारी शिकस्त दी थी। वहीं अंतिम बार इस मैदान पर टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच अक्टूबर 2022 में भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेला गया था जिसमें भारत ने 16 रन से जीत हासिल की थी। इन मैचों के आधार पर बात करें तो इस समय ये एक बैटिंग पिच नजर आती है जहां पर रनों की खूब बारिश हो सकती है। पिछले साल भारत-दक्षिण अफ्रीका मैच में यहां भारत ने पहले बैटिंग करते हुए 238 रनों का लक्ष्य दिया था। जवाब में दक्षिण अफ्रीका ने मैच तो गंवाया लेकिन उससे पहले उन्होंने भी 20 ओवर में 3 विकेट पर 221 रन बना डाले। इसलिए आज के मैच में गेंदबाजों को संभलकर रहने की जरूरत होगी। गेंदबाजों में यहां स्पिनर्स को बीच के ओवरों में थोड़ी मदद मिल सकती है।

आज कैसा होगा गुवाहाटी के मौसम का हाल? (Guwahati Weather Today)

टीम इंडिया और मेहमान ऑस्ट्रेलियाई टीम के बीच आज का मैच गुवाहाटी में होना है तो आइए यहां के मौसम की बात भी कर लें। आज यहां बारिश की 10 प्रतिशत संभावना है लेकिन शायद ही इसका मैच पर कोई प्रभाव पड़ेगा। हां, यहां पर उमस काफी होने वाली है इसलिए दोनों ही टीमों के गेंदबाजों और फील्डरों को काफी मशक्कत करनी पड़ सकती है। तापमान की बात करें तो आज गुवाहाटी का अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेंटीग्रेड तक रहने का अनुमान है जबकि न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेंटीग्रेड तक रह सकता है।

ये हैं भारत और ऑस्ट्रेलिया की टी20 टीमें

भारतीय टीम: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), रुतुराज गायकवाड़, इशान किशन, यशस्वी जयसवाल, तिलक वर्मा, रिंकू सिंह, जितेश शर्मा, वाशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, शिवम दुबे, आवेश खान, मुकेश कुमार, रवि बिश्नोई, अर्शदीप सिंह और प्रसिद्ध कृष्णा।

ऑस्ट्रेलियाई टीम: मैथ्यू वेड (कप्तान), आरोन हार्डी, जेसन बेहरेनडोर्फ, ट्रेविस हेड, जोश इंग्लिस, ग्लेन मैक्सवेल, तनवीर संघा, मैट शॉर्ट, स्टीव स्मिथ, मार्कस स्टोइनिस, केन रिचर्डसन, एडम जंपा, सीन एबट, टिम डेविड और नाथन एलिस।

शिवम अवस्थी
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article