भारत अंडर 19 टीम (फोटो- PTI)
IND vs AUS 2nd Youth Test: तेज गेंदबाज हेनिल पटेल और स्पिनर खिलन पटेल की शानदार गेंदबाजी की बदौलत भारत अंडर-19 टीम ने मंगलवार को यहां खेले जा रहे दूसरे युवा टेस्ट मैच के पहले दिन ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 टीम को केवल 135 रन पर ऑलआउट कर दिया।हेनिल ने 21 रन देकर तीन विकेट लिए, जबकि बाएं हाथ के स्पिनर खिलन ने 23 रन देकर तीन विकेट चटकाए। दोनों ने मिलकर ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों को पूरी तरह बैकफुट पर धकेल दिया।
ऑस्ट्रेलिया की ओर से विकेटकीपर एलेक्स ली यंग ही एकमात्र बल्लेबाज रहे जिन्होंने भारतीय गेंदबाजी का डटकर सामना किया।यंग ने 108 गेंदों पर 66 रन बनाए और टीम को शर्मनाक स्थिति से बचाने की कोशिश की।कप्तान विल मलाजचुक (10) और यश देशमुख (22) के अलावा कोई भी बल्लेबाज दोहरे अंक में नहीं पहुंच सका।
ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 टीम की शुरुआत बेहद खराब रही।सुबह के सत्र में ही टीम ने सिर्फ 32 रन पर पांच विकेट गंवा दिए।इसके बाद यंग और देशमुख ने छठे विकेट के लिए 59 रन की साझेदारी कर स्थिति को थोड़ा संभालने की कोशिश की, लेकिन जैसे ही देशमुख खिलन पटेल की गेंद पर आउट हुए, ऑस्ट्रेलियाई पारी फिर से बिखर गई।टीम ने अगले 44 रन के अंदर अपने पांचों शेष विकेट गंवा दिए।
भारत की ओर से हेनिल पटेल (3/21) और खिलन पटेल (3/23) के अलावा तेज गेंदबाज उद्धव मोहन ने दो विकेट लिए, जबकि दीपेश देवेंद्र को एक सफलता मिली।गेंदबाजों ने बेहतरीन अनुशासन दिखाया और लगातार दबाव बनाकर विपक्षी टीम को समेट दिया।
पहली पारी में बल्लेबाजी करने उतरी भारत अंडर-19 टीम की भी शुरुआत अच्छी नहीं रही।टीम ने सातवें ओवर तक 41 रन पर तीन विकेट खो दिए।हालांकि पिछले टेस्ट में ताबड़तोड़ शतक लगाने वाले वैभव सूर्यवंशी ने 14 गेंदों में 20 रन (दो चौके, एक छक्का) बनाकर तेज शुरुआत दी, लेकिन वे चार्ल्स लैचमंड की गेंद पर आउट हो गए।
पहले टेस्ट में 140 रन बनाने वाले वेदांत त्रिवेदी ने 44 गेंदों में चार चौकों की मदद से 25 रन जोड़े।उन्होंने राहुल कुमार (9 रन) के साथ चौथे विकेट के लिए 39 रन की साझेदारी कर पारी को संभालने की कोशिश की।लेकिन इसके बाद भारत ने सिर्फ दो रन के अंदर तीन विकेट गंवाकर खुद को मुश्किल में डाल लिया।
पारी के निचले क्रम में खिलन पटेल और हेनिल पटेल ने सातवें विकेट के लिए 48 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की, जिसने भारत को बढ़त दिला दी।दिन का खेल समाप्त होने तक भारत का स्कोर 144/7 रहा।हेनिल पटेल 22 और दीपेश देवेंद्र 6 रन बनाकर नाबाद लौटे।भारतीय टीम को पहली पारी में 9 रन की मामूली बढ़त हासिल है।
पहले दिन का खेल पूरी तरह भारतीय गेंदबाजों के नाम रहा।हेनिल और खिलन ने गेंद से कमाल दिखाया, जबकि बल्लेबाजों ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में टीम को मामूली बढ़त दिलाई।मैच के दूसरे दिन भारतीय टीम अपने निचले क्रम से उम्मीद रखेगी कि वह बढ़त को मजबूत करते हुए मैच पर पकड़ बनाए रखे।
(भाषा)
क्रिकेट की ताजा ख़बरें (Cricket News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Sports पर। क्रिकेट (Sports News) ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat Sports से।