एशिया कप में भारत, पाकिस्तान, मौजूदा चैंपियन श्रीलंका, बांग्लादेश, मेजबान यूएई, थाईलैंड, हांगकांग, चीन और इंडोनेशिया की टीम भाग ले रही हैं। वनडे विश्व चैंपियन भारत महिला टी20 एशिया कप में प्रबल दावेदारों में से एक है, लेकिन हरमनप्रीत ने पांच सितंबर को पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले अपने बहुप्रतीक्षित मुकाबले को लेकर बने माहौल को खास तवज्जो नहीं दी।
हरमनप्रीत ने शुक्रवार से शुरू होने वाले टूर्नामेंट से पहले कप्तानों की प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, 'हम किसी एक विशेष टीम पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। सभी टीम अच्छा प्रदर्शन कर रही हैं और हमारा ध्यान अच्छा क्रिकेट खेलने पर है। हम किसी भी टीम को हल्के से नहीं ले रहे हैं। हमारा ध्यान केवल अच्छी क्रिकेट खेलने पर है। हम खेल से इतर की बातों पर ध्यान नहीं दे रहे हैं।'
हाथ मिलने के सवाल को टाला
हरमनप्रीत ने इस सवाल का जवाब नहीं दिया कि वह पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना से हाथ मिलाएगी या नहीं। भारतीय कप्तान ने कहा कि वे इस महाद्वीपीय टूर्नामेंट को दबाव में खुद को परखने और अपने हाल के अनुभवों से मिले सबक पर आगे बढ़ने के अवसर के रूप में देख रहे हैं। उन्होंने कहा, 'एशिया कप एक ऐसा मंच है जहां आप वास्तव में खुद को परख सकते हैं और खुद पर काफी दबाव डाल सकते हैं ताकि आप उस स्तर पर प्रदर्शन कर सकें जिसकी आप अपनी टीम से बहुत उम्मीद करते हैं।'
हरमनप्रीत ने कहा, 'इस टूर्नामेंट में एक टीम के रूप में हमारे लिए अच्छा प्रदर्शन करना बहुत महत्वपूर्ण है। हमने पिछले दो-तीन सालों में सभी टीम में जबरदस्त सुधार देखा है। जब भी हम उनके खिलाफ खेलते हैं तो वह कड़ी चुनौती पेश करते हैं। लेकिन मुझे विश्वास है कि हमारा अनुभव काम आएगा।' भारत का टी20 विश्व कप का अभियान निराशाजनक रहा, लेकिन हरमनप्रीत का मानना है कि पिछले मैचों से मिले अनुभव टीम के लिए काफी फायदेमंद साबित होंगे।
शुक्रवार से टीम करेगी अभ्यास
उन्होंने कहा, 'पिछले मैचों से हमें जो भी अनुभव मिला है, वह हमारी मदद करेगा और उम्मीद है कि हम अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे और यहां खेल का पूरा आनंद लेंगे। हम कल (बुधवार) ही पहुंचे हैं और हमने अभी तक मैदान नहीं देखा है। लेकिन कल (शुक्रवार) हम अभ्यास करेंगे। अच्छी बात यह है कि हमसे पहले दो टीमें खेल रही हैं। इसलिए हमें उनका खेल देखने को मिलेगा और फिर हम समझ पाएंगे कि परिस्थितियां कैसी होंगी। फिर उसी के अनुसार हम अपनी रणनीति बनाएंगे।’
पांच सितंबर को भारत-पाकिस्तान का मैच
पाकिस्तान की कप्तान सना फातिमा ने कहा कि उनका इरादा ’बेखौफ क्रिकेट’ खेलने का है। बर्मिंघम फीनिक्स के लिए ’द हंड्रेड’ में खेलने वाली पहली पाकिस्तानी महिला खिलाड़ी सना ने कहा, ’हम भारत के खिलाफ पांच सितंबर को होने वाले मैच का पूरा आनंद लेना चाहते हैं। टी20 क्रिकेट ऐसा खेल है कि जो भी उस दिन बेहतर खेल का प्रदर्शन करता है, वही जीतता है।’
उन्होंने कहा, ’हमारी टीम दुबई की परिस्थितियों से अच्छी तरह वाकिफ है। हमारे पास ऐसे खिलाड़ी हैं जो इन परिस्थितियों में अच्छा प्रदर्शन कर सकते हैं। हमारे पास अच्छे बल्लेबाज हैं। उम्मीद है कि वे अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे।’ यूएई की कप्तान ईशा ओजा ने कहा, ’यह किसी को कुछ साबित करने से नहीं बल्कि अपने खेल का आनंद लेने से जुड़ा है। हमने कड़ी मेहनत की है और अब उसको अंजाम तक पहुंचाना है।’
