क्रिकेट

GT vs MI Highlights: हार्दिक ने बताया गुजरात के खिलाफ क्यों हारी मुंबई इंडियंस

GT vs MI Highlights: शनिवार को अहमदाबाद में हुए मुकाबले में मुंबई इंडियंस को हार का सामना करना पड़ा। इस सीजन यह लगातार उसकी दूसरी हार है। इस मुकाबले में हार के बाद हार्दिक पांड्या ने बताया कि उनकी टीम कहां चूकी जिसके कारण उन्हें हार का सामना करना पड़ा।

Image

हार्दिक पांड्या (साभार-X)

GT vs MI Highlights: शनिवार को अहमदाबाद में खेले गए मुकाबले में मुंबई इंडियंस को हार का सामना करना पड़ा। गुजरात टाइटंस ने इस मुकाबले को 36 रन के अंतर से जीत लिया। मुंबई इंडियंस के सामने इस मुकाबले में जीत के लिए 197 रन का लक्ष्य था, लेकिन निर्धारित ओवर में मुंबई की टीम 6 विकेट के नुकसान पर 160 रन ही बना पाई। सूर्या के अलावा कोई भी बल्लेबाज टिक नहीं पाया। उन्होंने सर्वाधिक 48 रन की पारी खेली। सूर्या के अलावा तिलक वर्मा ने 39 रन बनाए। इन दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 62 रन की साझेदारी भी की जो जीत के लिए नाकाफी रही। इस सीजन मुंबई की यह लगातार दूसरी हार है।

हार के बाद कप्तान ने इसका ठीकर बल्लेबाजों के सिर फोड़ा। मैच के बाद उन्होंने स्वीकार किया कि उनकी टीम ने काफी गलतियां की और पेशेवर रवैया नहीं दिखाया। टाइटंस ने इससे पहले साई सुदर्शन की 41 गेंद में चार चौकों और दो छक्कों से 63 रन की पारी तथा कप्तान शुभमन गिल (38) के साथ उनकी पहले विकेट के लिए 78 और जोस बटलर (39) के साथ दूसरे विकेट के लिए 51 रन की साझेदारी से आठ विकेट पर 196 रन बनाए।

पांड्या ने मैच के बाद कहा, ‘‘ कुछ गलतियां हुईं, हम मैदान में काफी पेशेवर नहीं थे जिसकी वजह से हमें शायद 20-25 रन का नुकसान हुआ। उन्होंने (टाइटंस के सलामी बल्लेबाजों) पावरप्ले में सही काम किया, उन्होंने ज्यादा जोखिम वाले शॉट नहीं खेले, उन्होंने काफी रन बनाए और इससे हम बैकफुट पर आ गए।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ अभी शुरुआती चरण है लेकिन साथ ही, बल्लेबाजों को भी अच्छा प्रदर्शन करना होगा और उम्मीद है कि वे जल्द ही ऐसा करेंगे। जब इतना अधिक असमान उछाल होता है तो बल्लेबाज के तौर पर यह मुश्किल हो जाता है। उन्होंने मेरे साथ भी ऐसा ही किया (जो मैंने गेंदबाज के तौर पर किया)।’’

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article