क्रिकेट

Hardik Pandya Fitness Update: हार्दिक पांड्या की फिटनेस पर आया अपडेट, जानिए कब होगी मैदान पर वापसी

एशिया कप 2025 के खिताबी मुकाबले से पहले चोटिल होने वाले भारतीय ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या की मैदान पर वापसी कब होगी?

Image

हार्दिक पांड्या

Photo : AP

पाकिस्तान के खिलाफ एशिया कप 2025 के फाइनल से पहले भारतीय क्रिकेट टीम को करारा झटका लगा था। हार्दिक पांड्या मांसपेशियों में चोट के कारण खिताबी मुकाबले से बाहर हो गए थे। यह चोट उन्हें सुपर फोर राउंड में बांग्लादेश के खिलाफ मुकाबले में लगी थी। मैच में वो केवल दो ओवर गेंदबाजी कर सके थे। उस मैच के बाद से पांड्या एक्शन से बाहर हैं। इसी चोट की वजह से उन्हें ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे और टी20 सीरीज के लिए भी टीम में जगह नहीं सकी और टीम को पर्थ में खेले गए पहले वनडे में उनकी कमी खली। ऐसे में प्रशंसक जानना चाहते हैं कि पांड्या की मैदान पर वापसी कब होगी?

हार्दिक ने शुरू किया रिहैब, ऐसा है भारत-दक्षिण अफ्रीका सीरीज का कार्यक्रम

टाइम्स ऑफ इंडिया में एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि हार्दिक पांड्या ने बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सिलेंस में रिहैबिलिटेशन (पुनर्वास) शुरू कर दिया है और उनके नवंबर में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज के लिए फिट होने की उम्मीद है। दक्षिण अफ्रीकी टीम 14 नवंबर से 19 दिसंबर तक भारत दौरे पर दो टेस्ट, तीन वनडे और पांच T20I मैच खेलेगी। तीन वनडे मैच क्रमशः 30 नवंबर (रांची), 3 दिसंबर (रायपुर) और 6 दिसंबर (विशाखापट्टनम) को खेले जाएंगे। वहीं पांच टी20आई मैच की सीरीज के मुकाबले 9 दिसंबर (कटक), 11 दिसंबर (चंडीगढ़), 14 दिसंबर (धर्मशाला), 17 दिसंबर (लखनऊ) और 19 दिसंबर (अहमदाबाद) को खेले जाएंगे।

किसने ली हार्दिक पांड्या की जगह?

टीम इंडिया इन दिनों ऑस्ट्रेलिया दौरे पर है। टीम में टी20 और वनडे सीरीज के लिए हार्दिक पांड्या की जगह नीतीश कुमार रेड्डी को पहली बार वनडे टीम में जगह दी गई। रेड्डी ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पर्थ में वनडे डेब्यू का मौका पांड्या की अनुपस्थिति में मिल गया। अब वो पूरी सीरीज में खेलने के लिए तैयार हैं । भारत के बल्लेबाज़ी कोच सितांशु कोटेक ने कहा कि पांड्या की गैरमौजूदगी टीम के लिए बड़ा नुकसान है,हालांकि नीतीश को मौका देना एक सकारात्मक पहल है। उन्होंने कहा,'हार्दिक जैसा खिलाड़ी किसी भी टीम के लिए बेहद अहम होता है। लेकिन अगर हम सकारात्मक पक्ष देखें तो नीतीश को खेल का मौका मिल रहा है और हम उन्हें उस भूमिका में तैयार कर रहे हैं। हर टीम को एक ऑलराउंडर की जरूरत होती है, और हम उन्हें उसी दिशा में विकसित कर रहे हैं। यह हमारे लिए भविष्य की तैयारी भी है। लेकिन हां, हार्दिक जैसा खिलाड़ी किसी भी टीम को याद आएगा।'

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article