क्रिकेट

WPL 2023: लगातार दूसरी हार झेलने वाली गुजरात की कप्तान ने बताया क्यों हारी टीम

  • Authored by: Agency
  • Updated Mar 6, 2023, 08:58 AM IST

बेथ मूनी की अनुपस्थिति में स्नेह राणा के नेतृत्व में उतरी गुजरात की टीम को लगातार दूसरी हार का सामना करना पड़ा। मैच के बाद कप्तान स्नेह राणा ने हार के कुछ कारणों के बारे में बताया। उन्होंने आखिरी ओवर में ज्यादा बाउंड्री खाने को लेकर भी अपनी प्रतिक्रिया दी है।

Image

स्नेह राणा, कप्तान गुजरात जाएंट्स

Photo : Twitter

गुजरात जाएंट्स और यूपी वॉरियर्स के बीच विमेंस प्रीमियर लीग के तीसरे मैच में यूपी की टीम ने ग्रेस हैरिस के शानदार 59 रन की पारी की बदौलत गुजरात को 3 विकेट से हरा दिया। गुजरात जाएंट्स की टीम अपने स्थायी कप्तान बेथ मूनी के बिना उतरी थी। मूनी मुंबई के खिलाफ ओपनिंग मैच में चोटिल हो गई थी, जिसके बाद वह बल्लेबाजी करने भी नहीं उतरी थी।

यूपी के खिलाफ मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात ने हरलीन देओल के 46 और एश्ले गार्डनर की 25 रन की पारी के दम पर यूपी के सामने 170 रन का लक्ष्य रखा, लेकिन ग्रेस हैरिस की पारी ने रोमांचक मुकाबले में यूपी को जीत दिला दी। WPL में यह गुजरात की लगातार दूसरी हार है और अब उसे हाल में मुकाबला जीतना होगा।

कप्तान स्नेह राणा ने बताया हार का कारण

बेथ मूनी की अनुपस्थिति में कप्तानी करने वाली स्नेह राणा ने मैच के बाद कहा 'हार से निराश हूं, लेकिन जिस तरह से लड़कियों ने पिछली हार के बाद प्रदर्शन किया उससे गौरवान्वित हूं। आखिरी ओवर में जो ज्यादा बाउंड्री खाई उसके कारण मैच हमसे दूर चला गया। मैंने अपने नेतृत्व का आनंद लिया, मैं नेतृत्व करने का आनंद लेता हूं। जब आपके पास जिम्मेदारी होती है तो आपको इसका आनंद लेना चाहिए। लड़कियों ने आज बहुत संघर्ष किया। जब आप बाद में फील्डिंग करते हैं तो ओस अहम भूमिका निभाती है, गेंद को ग्रिप करना मुश्किल होता है, लेकिन ऐसा ही है।

इससे पहले गुजरात को ओपनिंग मैच में मुंबई के हाथों 143 रन की करारी हार झेलनी पड़ी थी। उस मैच में गुजरात की टीम मुंबई की 207 रन के जवाब में केवल 64 रन बनाकर ढेर हो गई थी। गुजरात का अगला मैच 8 मार्च को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ होने वाला है। यह मैच ब्रेबोर्न स्टेडियम में खेला जाएगा।

टाइम्स न्यूज़ नेटवर्क
author
End of Article