मुंबई: ऑस्ट्रेलिया की 29 वर्षीय ऑलराउंडर ग्रेस हैरिस ने रविवार को विमेंस प्रीमियर लीग के तीसरे मैच में 26 गेंद में 59 रन की आतिशी पारी खेलकर यूपी वॉरियर्स को उसके पहले ही मैच में यादगार जीत दिला दी। इस बेहतरीन मैच जिताऊ पारी के लिए ग्रेस को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
अंतिम 24 गेंद में बनाने थे 63 रन
गुजरात जायंट्स के खिलाफ जीत के लिए 170 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी यूपी की टीम ने 105 रन पर 7 विकेट गंवा दिए थे। अंतिम 4 ओवर में जीत के लिए 63 रन उसे बनाने थे। ऐसी मुश्किल स्थिति में ग्रेस हैरिस ने सोफी इक्लेस्टोन के साथ मोर्चा संभालते हुए तीन विकेट और 1 गेंद शेष रहते अपनी टीम को जीत दिला दी।
आठवें विकेट के लिए जोड़े 26 गेंद में 70 रन
हैरिस और एक्लेस्टोन के बीच आठवें विकेट के लिए 26 गेंद में नाबाद 70 रन की साझेदारी हुई। दोनों ने मिलकर आखिरी ओवरों में गुजरात के गेंदबाजों की जमकर धुनाई करते हुए बाजी पलट दी। इस साझेदारी में हैरिस ने 14 गेंद में 45 रन का योगदान दिया और अपनी टीम के लिए विजयी छक्का जड़ा। ग्रेस हैरिस ने अपनी पारी में 7 चौके और 3 छक्के जड़े। इस दौरान उनका स्ट्राइकरेट 226.92 का रहा।
चुनी गईं प्लेयर ऑफ द मैच
प्लेयर ऑफ द मैच चुने जाने के बाद हैरिस ने कहा, मैंने अपनी पारी में खराब शुरुआत की। मुझे लगा कि मैं ऊटपटांग काम कर रही हूं। ऐसी स्थिति में आपको सबसे पहले विकेट के बारे में जानना होता है कि वो कैसा व्यवहार कर रहा है। लेकिन मैं शुक्रगुजार हूं कि सोफी ने दूसरे छोर से मेरा साथ दिया। अंत में जीत दर्ज करने का अहसास सुखद था।
साफ तौर पर पता था क्या करना है
हैरिस ने आगे कहा, मुझे अच्छी तरह पता था कि मैं क्या करना चाहती हूं। ऐसे में डीआरएस ब्रेक्स की वजह से मैं परेशान हो रही थी। लेकिन मैंने खुद को शांत रखा और लोगों ने मुझे धैर्य के साथ बल्लेबाजी करने के लिए प्रेरित किया। मुझे खुलकर आजादी से बल्लेबाजी करना पसंद है। कोच ने इसपर मेरा पूरा साथ दिया है।
सोफी की वजह से ही ऐसी पारी खेल पाई
दूसरे छोर पर साथ देने वाली सोफी एक्लेस्टोन की तारीफ करते हुए हैरिस ने कहा,वह एक बेहतरीन स्ट्राइकर हैं, अंत में मैं जितना अच्छा खेल पाई उसकी एक वजह उनकी पारी भी रही।
