Gautam Gambhir: न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन टेस्ट मैच की घरेलू सीरीज में भारतीय टीम की 0-3 के अंतर से हार के बाद गौतम गंभार से टेस्ट टीम की जिम्मेदारी वापस लिए जाने की तैयारी बीसीसीआई कर रहा है। भारतीय टीम का 24 साल बाद घरेलू सरजमीं पर किसी टेस्ट सीरीज में सूपड़ा साफ हुआ। टीम इंडिया ने पहली बार घर पर तीन मैच की टेस्ट सीरीज में 0-3 के अंतर से गंवाई। वहीं टीम इंडिया का 12 साल से घरेलू सरजमीं पर चल रहा लगातार 18 टेस्ट सीरीज जीत का सिलसिला गंभीर के कोच रहते थम गया। ऐसे में बीसीसीआई ने कड़ा फैसला करने का मन बना लिया है।
गंभीर से छिनेगी टेस्ट टीम की जिम्मेदारी
माईखेल की रिपोर्ट के मुताबिक बीसीसीआई गौतम गंभीर को केवल व्हाइट बॉल क्रिकेट के लिए टीम का हेड कोच बनाए रखेगी। लेकिन टेस्ट क्रिकेट के लिए टीम का हेड कोच वीवीएस लक्ष्मण को बनाया जा सकता है। गंभीर को टेस्ट क्रिकेट में अपनी काबीलियत साबित करने के लिए बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी तक मोहलत दी गई है। अगर भारतीय टीम बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी जीतने में नाकाम रही तो गंभीर को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा और टेस्ट टीम के कोच का पद उनके हाथ से निकल जाएगा।
स्पिन के सामने पस्त हुए भारतीय बल्लेबाज, बीसीसीआई नाराज
कई रिपोर्ट से बताया गया है कि न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए स्पिन फ्रेंडली विकेट कोच गौतम गंभीर के कहने पर बनाए गए थे। भारतीय बल्लेबाज उन्हीं पिचों पर संघर्ष करते नजर आए। गंभीर की खराब कोचिंग के लिए जिम्मेदार ठहराया जा रहा है और बीसीसीआई टीम की शर्मनाक हार के बाद इस मुद्दे पर बेहद गंभीर है।
अगर ऑस्ट्रेलिया में हारे तो लक्ष्मण बनेंगे टेस्ट टीम के कोच
बीसीसीआई के सूत्र के मुताबिक, अगर गौतम गंभीर ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भारतीय टीम को टेस्ट सीरीज जिता पाने में नाकाम रहते हैं तो बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सिलेंस के हेड वीवीएस लक्ष्मण को टेस्ट टीम का हेड कोच बनाया जाएगा। वनडे और टी20 टीम की जिम्मेदारी गौतम गंभीर संभालते रहेंगे। जब मेन कोचिंग स्टाफ को आराम दिया जाता है तब लक्ष्मण बीच-बीच में टीम के हेड कोच की जिम्मेदारी संभालते हैं। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 4 मैच की टी20 सीरीज के लिए लक्ष्मण ही कोच की भूमिका में हैं। ऐसे में बीसीसीआई उनकी ताजपोशी के ऐलान में देरी नहीं करेगा। जो कि गंभीर के लिए एक तगड़ा झटका साबित होगा।
