क्रिकेट

कोच साहब मुस्कान अच्छी लग रही है, धोनी के पोस्ट पर अब कोच गंभीर ने दी प्रतिक्रिया

टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर ने एमएस धोनी के पोस्ट पर प्रतिक्रिया दी। पहले जानते हैं कि टीम इंडिया की जीत पर धोनी ने गंभीर को लेकर क्या पोस्ट किया था? धोनी ने इंस्टाग्राम पर दो साल बाद कोई पोस्ट किया।

Image

गौतन गंभीर का जवाब (साभार-BCCI)

टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद जहां एक तरफ पूरा देश इस पल को सेलिब्रेट कर रहा है तो वहीं धोनी और गंभीर की भी जुगलबंदी सोशल मीडिया पर जारी है। वर्ल्ड चैंपियन बनने के बाद धोनी ने टीम इंडिया और कोच गंभीर को लेकर एक पोस्ट किया था, जिसका अब गंभीर ने जवाब दिया है। पहले जानते हैं कि टीम इंडिया की जीत पर धोनी ने गंभीर को लेकर क्या पोस्ट किया था? धोनी ने इंस्टाग्राम पर दो साल बाद कोई पोस्ट किया। धोनी ने पिछला पोस्ट 2024 में किया था। उन्होंने यहां नरेंद्र मोदी स्टेडियम में फाइनल देखने के बाद पोस्ट किया, ’’अहमदाबाद में इतिहास बना, टीम और सहयोगी स्टाफ तथा दुनिया भर में भारतीय क्रिकेट टीम के सभी प्रशंसकों को बहुत-बहुत बधाई। आप सभी को खेलते हुए देखकर बहुत खुशी हुई।’’

फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से रौंदकर तीसरी बार खिताब जीता और ऐसा करने वाली पहली टीम बनी। उन्होंने मुख्य कोच के अधिकतर गंभीर अंदाज में रहने का जिक्र करते हुए मजाक में कहा, ’’कोच साहब आपकी मुस्कान बहुत अच्छी लग रही है। मुस्कुराहट के साथ जज्बा शानदार है, बहुत अच्छा किया। दोस्तों मजे करो...बुमराह के बारे में कुछ नहीं लिखूं तो ही अच्छा है। चैंपियन गेंदबाज।’’

अब धोनी के उस पोस्ट पर टीम इंडिया के हेड कोच गंभीर ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने धोनी को जवाब देते हुए कहा ’’और मुस्कुराने की क्या शानदार वजह है, आपको देखकर बहुत अच्छा लगा।’’ गंभीर ने धोनी की अगुआई में 2007 में टी20 विश्व कप और 2011 एकदिवसीय विश्व कप में भारत की खिताबी जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

रविवार रात सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन किया। टॉस हारकर बल्लेबाजी करते हुए शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों संजू सैमसन, ईशान किशन और अभिषेक शर्मा ने अर्धशतक जड़कर भारत को पांच विकेट पर 255 रन के विशाल स्कोर तक पहुंचाया। इसके बाद बुमराह ने 15 रन देकर चार विकेट चटकाए जबकि अक्षर पटेल ने भी तीन विकेट हासिल करके भारत को आसान जीत दिलाने में मदद की। धोनी, भारत के पहले टी20 विश्व कप विजेता कप्तान हैं। उनकी अगुआई में भारत ने 2007 में पहला टूर्नामेंट जीता था। इसके बाद रोहित शर्मा की कप्तानी वाली टीम ने 2024 में दूसरा खिताब जीता। रोहित भी रविवार को फाइनल के लिए स्टेडियम में मौजूद थे।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article