Virat Kohli vs Ricky Ponting: ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग का मानना है कि बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी बल्लेबाजों के लिए दुस्वप्न साबित हुई है। इसमें प्रदर्शन के आधार पर वह विराट कोहली के फॉर्म का आकलन नहीं करेंगे। पिछली 14 पारियों में अर्धशतक नहीं बना सके कोहली ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन टेस्ट में 111 रन ही बनाए हैं, लेकिन पोंटिंग इससे चिंतित नहीं हैं।
नहीं देख रहा हूं बल्लेबाज का फॉर्म
पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग आईसीसी रिव्यू में कहा,‘मैं इस सीरीज में किसी बल्लेबाज के फॉर्म को नहीं देख रहा हूं, क्योंकि बल्लेबाजों के लिए यह सीरीज किसी बुरे सपने की तरह रही है ।’ आगे उन्होंने कहा, ‘जहां तक विराट की बात है तो मैं बार बार कहता आया हूं कि चैम्पियन खिलाड़ी हमेशा रास्ता निकाल लेते हैं। ऐसा लग रहा होगा कि इस समय वह खराब फॉर्म में है और रन नहीं बना रहा, क्योंकि हम सभी उससे रनों की अपेक्षा करते हैं।’खुद पता होता है बल्लेबाज को
उन्होंने कहा, ‘वह यथार्थवादी भी है। बल्लेबाज को खुद पता होता है कि कब उसका फॉर्म खराब है और उससे रन नहीं बन रहे। किसी और को उसे बताने की जरूरत नहीं होती। कोहली को लेकर मैं चिंतित नहीं हूं, क्योंकि मुझे पता है कि वह फॉर्म में लौटेगा।’एशेज सीरीज के लिए कई बार इंग्लैंड में खेल चुके पोंटिंग को पता है कि जून में वहां हालात उपमहाद्वीप के हालात से बिल्कुल अलग होंगे । सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय शतक लगाने वाले बल्लेबाजों में तीसरे स्थान पर काबिज पोंटिंग ने कहा कि भारत अगर जून में होने वाले विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप फाइनल के लिये क्वालीफाई करता है तो उसे अपने बल्लेबाजी क्रम में बदलाव पर विचार करना चाहिए।
राहुल जैसा खिलाड़ी टीम से बाहर
उन्होंने कहा ,‘केएल राहुल जैसा खिलाड़ी टीम से बाहर है और शुभमन गिल खेल रहा है। दोनों को टेस्ट खेलने का अनुभव है और इन दोनों को एक ही टीम में उतारा जा सकता है।’ गिल को तीसरे टेस्ट में राहुल पर तरजीह दी गई, जो पहले दो टेस्ट की तीन पारियों में 38 रन ही बना सके। हालांकि, राहुल इंग्लैंड में दो शतक लगा चुके हैं और पोंटिंग का मानना है कि ओवल पर उन्हें और गिल दोनों को उतारा जा सकता है। उन्होंने कहा, ‘शुभमन पारी की शुरुआत कर सकता है और राहुल मध्यक्रम में खेल सकता है। वह इंग्लैंड में पहले भी क्रिकेट खेल चुका है। यह एक ही टेस्ट है तो टीम का चयन काफी महत्वपूर्ण होगा।’
