S Sreesanth Father Death: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व तेज गेंदबाज एस श्रीसंत के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके पिता वी. शांताकुमारन नायर का शुक्रवार रात निधन हो गया। वह 89 वर्ष के थे और पिछले कुछ दिनों से कोच्चि के लिसी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। रात करीब 9.45 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। परिवार के सूत्रों ने पीटीआई को इसकी जानकारी दी है।
एस श्रीसंथ के पिता का निधन (फोटो साभार- X/AI)
89 साल के थे वी. शांताकुमारन नायर
जानकारी के मुताबिक, नायर के पार्थिव शरीर को फिलहाल अस्पताल के शवगृह में रखा गया है। बताया जा रहा है कि परिवार के कुछ सदस्य विदेश में हैं, जिनके लौटने के बाद शव को उनके पैतृक निवास कोठामंगलम ले जाया जाएगा। परिवार की ओर से बताया गया है कि रविवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा और शाम 4 बजे उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। वी. शांताकुमारन नायर भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) में क्षेत्रीय प्रबंधक के पद पर कार्यरत थे और वहीं से सेवानिवृत्त हुए थे।
पिता के निधन से लगा गहरा सदमा
एस श्रीसंत के पिता हमेशा उनके क्रिकेट करियर में एक मजबूत सहारा रहे हैं। श्रीसंत ने जब भी अपने संघर्ष के दिनों को याद किया, उन्होंने अपने पिता के समर्थन का जिक्र किया। ऐसे में पिता के निधन से क्रिकेटर को गहरा सदमा लगा है। 43 साल के एस श्रीसंत भारतीय क्रिकेट के सबसे चर्चित तेज गेंदबाजों में से एक रहे हैं। उन्होंने भारत के लिए 27 टेस्ट मैचों में 87 विकेट, 53 वनडे में 75 विकेट और 10 टी20 मैचों में 7 विकेट लिए हैं। वह 2007 में टी20 वर्ल्ड कप और 2011 में वनडे वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा थे। उनकी आक्रामक गेंदबाजी और मैदान पर जोश ने उन्हें फैंस के बीच काफी लोकप्रिय बनाया था।
श्रीसंथ ने 2022 में लिया क्रिकेट से संन्यास
हालांकि उनका करियर विवादों से भी घिरा रहा। 2013 में आईपीएल के दौरान उन पर स्पॉट फिक्सिंग के आरोप लगे थे, जिसके बाद BCCI ने उन पर आजीवन प्रतिबंध लगा दिया था। हालांकि 2015 में दिल्ली की निचली अदालत ने उन्हें बरी कर दिया था और बाद में 2019 में प्रतिबंध की अवधि घटाकर 7 साल कर दी गई थी, लेकिन वह फिर कभी टीम इंडिया में वापसी नहीं कर पाए। उन्होंने 2022 में क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास का ऐलान कर दिया था।पिता के निधन की खबर के बाद क्रिकेट जगत से जुड़े कई लोगों ने श्रीसंत के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
