लंदन: इंग्लैंड की टीम श्रीलंका के खिलाफ लॉर्ड्स में खेले जा रहे सीरीज के दूसरे टेस्ट के तीसरे दिन जीत की ओर कदम बढ़ा लिए हैं। मैच के तीसरे दिन इंग्लैंड की टीम अपनी दूसरी पारी में जो रूट की 103 रन की पारी की बदौलत 251 रन बनाकर ढेर हो गई। इसके बाद जीत के लिए मिले 483 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका ने दिन का खेल खत्म होने तक 2 विकेट के नुकसान पर 53 रन बना लिए हैं। श्रीलंका को जीत के लिए 430 रन और बनाने हैं। दिमुथ करुणा रत्ने 23* और नाइट वॉच मैन प्रभात जयासूर्या 3* रन बनाकर नाबाद हैं। वहीं इंग्लैंड की मैच और सीरीज 2-0 से अपने नाम करने से 8 विकेट दूर है।
दूसरी पारी में 251 रन पर ढेर हुआ इंग्लैंड, रूट ने जड़ा शतक
तीसरे दिन अपनी दूसरी पारी में 1 विकेट पर 25 रन से आगे खेलने उतरी इंग्लैंड की टीम 54.3 ओवर में 251 रन बनाकर ढेर हो गई। जो रूट के अलावा और कोई बल्लाबाज पिच पर ज्यादा देर टिक नहीं सका। पहली पारी में 143 रन की पारी खेलने वाले रूट 103 रन बनाकर आउट हुए। वो लॉर्ड्स के मैदान पर सबसे ज्यादा शतक और सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने। वो लॉर्ड्स में दोनों पारियों में शतक जड़ने वाले दुनिया के चौथे बल्लेबाज बने। श्रीलंका के लिए दूसरी पारी में असिथा फर्नांडो, लहिरू कुमारा ने 3-3 विकेट चटकाए। वहीं 2-2 विकेट मिलन रत्नायके और प्रभात जयसूर्या के खाते में गए।
श्रीलंका ने सस्ते में गंवाए दो विकेट
जीत के लिए 483 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत एक बार फिर खराब रही। उसे पहला झटका पारी के आठवें ओवर में निशान मधुशंका के रूप में लगा। मधुशंका को एटकिंसन ने रूट के हाथों कैच करा दिया। उन्होंने 13(25) रन बनाए। इसके बाद पथमु निशंका ने दिमुथ करुणारत्ने का साथ थोड़ी देर दिया लेकिन 14वें ओवर की आखिरी गेंद पर ओली स्टोन ने उन्हे चलता करके श्रीलंका को दूसरा झटका 43 के स्कोर पर दिया। श्रीलंका ने इसके बाद प्रभात जयासूर्या को बल्लेबाजी के लिए नाइट वॉचमैन के रूप में भेजा। उन्होंने करुणारत्ने के साथ मिलकर टीम को 50 रन के पार पहुंचाया और कोई विकेट नहीं गिरने दिया। खराब रोशनी के कारण अंपायरों ने मैच को जल्दी खत्म करने का फैसला सुनाया। तब तक श्रीलंका ने 2 विकेट पर 53 रन बना लिए थे। करुणारत्ने 23 और जयसूर्या 3 रन बनाकर नाबाद पवेलियन लौटे।
